विश्व रैंकिंग में 7वें स्थान पर पहुंचीं सिंधु

सिंधु ने इस साल अपना पहला चीन ओपन खिताब जीता और हांगकांग ओपन में दूसरा स्थान हासिल किया। इस कारण ही उनकी रैंकिंग में सुधार हुआ है। रियो ओलम्पिक रजत पदक विजेता सिंधु ने मकाऊ ओपन से अपना नाम वापस ले लिया लेकिन उन्होंने 14 से 18 दिसम्बर तक दुबई में चलने वाले बीडब्ल्यूएफ सुपर सीरीज फाइनल में जगह हासिल कर ली है। इस टूर्नामेंट में शीर्ष के आठ बैडमिंटन खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं। लंदन ओलम्पिक की कांस्य पदक विदेता सायना नेहवाल ने भी वापसी करते हुए इस रैंकिंग में 10वां स्थान हासिल किया है। महिला रैंकिंग में शीर्ष तीन स्थानों पर काफी बदलाव देखने को मिला है। चीनी ताइपे ताई जु यिंग ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। वह हांगकांग ओपन जीतने के बाद शीर्ष स्थान पर पहुंची हैं। रियो ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता कैरोलिना मारिन पहले स्थान से फिसलकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं, वहीं थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन तीसरे स्थान पर हैं। पुरुष एकल रैंकिंग में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी समीर वर्मा 13 स्थान आगे बढ़ते हुए 30वें स्थान पर पहुंचे हैं। उन्होंने हांगकांग ओपन में अच्छे खेल का प्रदर्शन किया था। इसके अलावा, किदांबी श्रीकांत एक स्थान फिसलते हुए 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस रैंकिंग में मलेशिया के दिग्गज खिलाड़ी ली चोंग वेई पहले स्थान पर हैं। --आईएएनएस