ICC एकदिवसीय रैंकिंग: फाफ डू प्लेसी को हुआ जबरदस्त फायदा, गेंदबाजों में इमरान ताहिर टॉप पर पहुंचे

दक्षिण अफ्रीका-श्रीलंका और न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद आईसीसी ने एकदिवसीय की हालिया रैंकिंग जारी कर दी है। जहाँ एक तरफ टीम रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हटाकर नंबर 1 की जगह पर कब्ज़ा जमा लिया है, वैसे ही बल्लेबाजी और गेंदबाजी रैंकिंग में भी दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला है। श्रीलंका के खिलाफ मैन ऑफ़ द सीरीज रहे फाफ डू प्लेसी टॉप 5 बल्लेबाजों में शामिल हो गये हैं और इमरान ताहिर गेंदबाजों में टॉप पर पहुंच गए हैं। बल्लेबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर टॉप पर हैं और उनके बाद दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एबी डीविलियर्स का नंबर आता है। तीसरे स्थान पर भारतीय कप्तान विराट कोहली हैं। फाफ डू प्लेसी सात स्थान के फायदे से चौथे स्थान पर पहुँच गए हैं। क्विंटन डी कॉक को एक स्थान का नुकसान हुआ और वो अब पांचवें स्थान पर हैं। हाशिम अमला एक स्थान के फायदे से छठे स्थान पर हैं। टॉप 6 बल्लेबाजों में 4 बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के ही हैं। डू प्लेसी के टॉप 10 में आने से बाबर आज़म 11वें स्थान पर खिसक गए हैं। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन संयुक्त छठे, जो रूट आठवें, मार्टिन गप्टिल नौवें और स्टीव स्मिथ दसवें स्थान पर हैं। टॉप 10 से बाहर दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर आठ स्थान के फायदे से 26वें, फरहान बेहरदीन दो स्थान के फायदे से 45वें, ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड दो स्थान के फायदे से 36वें और श्रीलंका के निरोशन डिकवेला 65 स्थान के जबरदस्त फायदे से 62वें स्थान पर पहुँच गए हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में इमरान ताहिर दो स्थान के फायदे से पहले स्थान पर पहुँच गए हैं। टी20 रैंकिंग में ताहिर पहले से ही नंबर 1 पर बने हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क दो स्थान के नुकसान से चौथे और न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट एक स्थान के नुकसान से दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। सुनील नारेन तीसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा टॉप 10 में कोई बदलाव नहीं है। भारत के टॉप गेंदबाज अक्षर पटेल हैं और वो 11वें स्थान पर हैं। टॉप 10 से बाहर दक्षिण अफ्रीका के वेन पार्नेल 16 स्थान के फायदे से 28वें और क्रिस मॉरिस 70 स्थान के जबरदस्त फायदे से 51वें स्थान पर पहुँच गए हैं। न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर 11 स्थान के फायदे से 23वें और ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस दो स्थान के फायदे से 25वें स्थान पर हैं। ऑलराउंडरों की रैंकिंग में शकीब अल हसन टॉप पर हैं। भारत से रविन्द्र जडेजा नौवें स्थान पर मौजूद हैं। मोहम्मद नबी दूसरे और एंजेलो मैथ्यूज तीसरे स्थान पर है। टॉप 10 बल्लेबाज:

रैंक प्लेयर पॉइंट्स
1 डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) 871
2 एबी डीविलियर्स (दक्षिण अफ्रीका) 853
3 विराट कोहली (भारत) 852
4 फाफ डू प्लेसी (दक्षिण अफ्रीका) 788
5 क्विंटन डी कॉक (दक्षिण अफ्रीका) 778
6 हाशिम अमला (दक्षिण अफ्रीका) 763
7 केन विलियमसन (न्यूजीलैंड) 763
8 जो रूट (इंग्लैंड) 753
9 मार्टिन गप्टिल (न्यूजीलैंड) 739
10 स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) 733
टॉप 10 गेंदबाज:
रैंक प्लेयर पॉइंट्स
1 इमरान ताहिर (दक्षिण अफ्रीका) 761
2 ट्रेंट बोल्ट (न्यूजीलैंड) 757
3 सुनील नारेन (वेस्टइंडीज) 711
4 मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) 700
5 जोश हेज़लवुड (ऑस्ट्रेलिया) 684
6 शकीब अल हसन (बांग्लादेश) 643
7 मैट हेनरी (न्यूजीलैंड) 635
7 कगिसो रबाडा (दक्षिण अफ्रीका) 635
9 आदिल रशीद (इंग्लैंड) 628
10 मोहम्मद नबी (अफ़ग़ानिस्तान) 619
Edited by Staff Editor