ICC टेस्ट रैंकिंग: शकीब अल हसन और टॉम लैथम को हुआ जबरदस्त फायदा, टॉप 10 में कोई बदलाव नहीं

न्यूजीलैंड-बांग्लादेश दूसरे टेस्ट के बाद आईसीसी ने टेस्ट बल्लेबाजी और गेंदबाजी की हालिया रैंकिंग जारी कर दी है। हालांकि इस टेस्ट के बाद टॉप 10 बल्लेबाजों और गेंदबाजों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है, लेकिन टॉप 10 के बाहर बढ़िया प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को फायदा हुआ है। बल्लेबाजी में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ अभी भी टॉप पर बरक़रार हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। इसके अलावा टॉप 10 में ऑस्ट्रेलिया से डेविड वॉर्नर, पाकिस्तान से अजहर अली और यूनिस खान, इंग्लैंड से जो रूट, न्यूजीलैंड से केन विलियमसन और दक्षिण अफ्रीका से क्विंटन डी कॉक, हाशिम अमला और एबी डीविलियर्स मौजूद हैं। टॉप 10 से बाहर बांग्लादेश के शकीब अल हसन को एक स्थान का फायदा हुआ है और वो अब 22वें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के टॉम लैथम भी पांच स्थान के फायदे से 26वें स्थान पर पहुँच गए हैं। महमुदुल्लाह को चार स्थान का फायदा हुआ है और वो 50वें स्थान पर पहुँच गए हैं। न्यूजीलैंड के हेनरी निकोल्स 16 स्थान के फायदे से अब 60वें स्थान पर हैं। गेंदबाजों में भारत के रविचन्द्रन अश्विन पहले और रविन्द्र जडेजा दूसरे स्थान पर हैं। इनके अलावा टॉप 10 में ऑस्ट्रेलिया के जोश हेज़लवुड और मिचेल स्टार्क, इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड, दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा, वर्नन फिलैंडर और डेल स्टेन एवं श्रीलंका के रंगना हेराथ मौजूद हैं। टॉप 10 के बाहर बांग्लादेश के शकीब अल हसन को एक स्थान का फायदा हुआ है और वो अब 14वें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के नील वैगनर 11वें, ट्रेंट बोल्ट 12वें और टिम साउदी 13वें स्थान पर हैं। इश सोढ़ी एक स्थान के फायदे से अभी 57वें स्थान पर हैं। बांग्लादेश के कमरुल इस्लाम रब्बी 14 स्थान के फायदे से अभी 85वें स्थान पर हैं। ऑलराउंडरों की रैंकिंग में रविचन्द्रन अश्विन टॉप पर बरक़रार हैं और उनके बाद दूसरे स्थान पर शकीब अल हसन हैं। रविन्द्र जडेजा तीसरे स्थान पर हैं। टॉप 10 बल्लेबाज:

1 स्टीवन स्मिथ ऑस्ट्रेलिया 933
2 विराट कोहली भारत 875
3 जो रूट इंग्लैंड 848
4 केन विलियमसन न्यूजीलैंड 823
5 डेविड वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया 812
6 हाशिम अमला दक्षिण अफ्रीका 787
7 अजहर अली पाकिस्तान 779
8 यूनिस खान पाकिस्तान 772
9 क्विंटन डी कॉक दक्षिण अफ्रीका 760
10 एबी डीविलियर्स दक्षिण अफ्रीका 755

टॉप 10 गेंदबाज:

रैंक गेंदबाज (देश) पॉइंट्स
1 रविचंद्रन अश्विन (भारत) 887
2 रविन्द्र जडेजा (भारत) 879
3 जोश हेज़लवुड (ऑस्ट्रेलिया) 860
4 रंगना हेराथ (श्रीलंका) 827
5 कगिसो रबाडा (दक्षिण अफ्रीका) 821
6 डेल स्टेन (दक्षिण अफ्रीका) 819
7 जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड) 810
8 स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड) 803
9 वर्नन फिलैंडर (दक्षिण अफ्रीका) 798
10 मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया) 770
Edited by Staff Editor