महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल की टीम राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की कप्तानी से इस्तीफा दिया

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ को आईपीएल 2017 में पुणे सुपरजायंट्स का नया कप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम की कप्तानी छोड़ने वाले एमएस धोनी ने आईपीएल की इस फ्रेंचाईजी की कप्तानी भी लगभग उसी आश्चर्यजनक अंदाज में छोड़ दी है। आईपीएल 2017 का दसवां संस्करण पुणे सुपरजायंट्स के लिए अंतिम हो सकता है, ऐसे में धोनी द्वारा खुद को कप्तानी से अलग कर लेना एक चौंकाने वाला निर्णय है। लेकिन इस फैसले के बाद वे अपने खेल को और अधिक आजादी से खेल पाएंगे। कुछ इसी प्रकार उन्होंने भारतीय टीम की सीमित ओवर क्रिकेट की कप्तानी विराट कोहली को सौंप दी थी। फ्रेंचाईजी के एक सूत्र के अनुसार “धोनी भारत और विश्व क्रिकेट के लीजेंड हैं, उन्हें कप्तानी से हटने के बारे में पूछने वाले हम कौन हैं? उन्होंने खुद कप्तानी छोड़ने का फैसला किया, क्योंकि वे क्रिकेट को आजादी से खेलते हुए इसका लुत्फ उठाना चाहते हैं। राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की टीम अपने पहले आईपीएल सत्र में नीचे से दूसरे पायदान पर रही थी। इसके अलावा इस टीम को कई खिलाड़ियों के चोटिल हो जाने पर पूरे संस्करण में काफी संघर्ष करना पड़ा था। धोनी द्वारा 2017 संस्करण की नीलामी से एक दिन पहले आश्चर्यजनक तरीके से कप्तानी छोड़न एक नियंत्रित फैसला नजर आता है। भारतीय टीम की कप्तानी छोड़ने के बाद धोनी ने यह कहा था कि वे आईपीएल और झारखंड के लिए कप्तानी जारी रखेंगे। ऐसे में अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने के लिए इस तरह कप्तानी छोड़ने से उनके प्रशंसकों में जरूर मायूसी छाएगी। धोनी के बाद राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए फाफ डू प्लेसी और अजिंक्य राहणे को छोड़कर कंगारू कप्तान स्टीव स्मिथ को नेतृत्व सौंपना भी थोड़ा चकित करने वाला फैसला नजर आता है। धोनी द्वारा कप्तानी से इस्तीफा देने के बाद सोमवार को होने वाली नीलामी प्रक्रिया में भी खासा असर पड़ने की संभावना होगी। गौरतलब है कि 2017 का आईपीएल 5 अप्रैल से शुरू होगा। जिसका पूरा कार्यक्रम बीसीसीआई द्वारा जारी किया जा चुका है।