वीडियो: अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर के पहले ही हेलिकॉप्टर शॉट से एमएस धोनी ने जमाया था छक्का

क्रिकेट जगत में हेलिकॉप्टर शॉट इस समय इतना प्रसिद्ध हो चुका है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के अलावा भी इसको घरेलू क्रिकेट में बल्लेबाजों द्वारा खेलते देखा जा सकता है। इतना ही नहीं यह शॉट इतना प्रचलित हो चुका है कि अब यह गली क्रिकेट का भी हिस्सा बन चुका है। इस समय हेलिकॉप्टर शॉट का खुमार खासकर युवाओं पर जोर शोर से चढ़कर बोल रहा है। इस बात का कारण अगर माना जाता है तो वह हैं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, जिन्होंने इस शॉट को अपने क्रिकेट करियर में सबसे बेहतरीन तरीके से इस्तेमाल किया है। आपको बता दें कि धोनी ने, जब से अपने इस जादुई शॉट की मदद से गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचानी शुरू की है, तब से ही धोनी का यह शॉट चर्चा का विषय बना हुआ है। आज हम आपको बताएंगे कि महेंद्र सिंह धोनी ने अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर का सबसे पहला हेलिकॉप्टर शॉट कब और किसकी गेंद पर लगाया था। जी हां! एमएस धोनी ने अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर का सबसे पहला हेलिकॉप्टर शॉट इंग्लैंड के खिलाफ 3 अप्रैल 2006 को मार्गाओ के नेहरु स्टेडियम में खेले गए एकदिवसीय मैच में लगाया था, जहां स्टार बल्लेबाज़ ने भारतीय पारी के 48.2 ओवर में जेम्स एंडरसन की गेंद पर हेलिकॉप्टर शॉट खेला था, जिसकी बदौलत गेंद मिड विकेट की दिशा में हवा से बातें करती हुई दर्शकों के बीच जा गिरी थी। उस समय भारतीय पारी का स्कोर 282 रनों पर पांच विकेट था। टीम इंडिया ने इस मैच में इंग्लैंड को 49 रनों से पराजित किया था। एमएस धोनी हमेशा ही अपने शानदार आचरण के कारण क्रिकेट मैदान पर फैंस का खूब प्यार पाते आए हैं, जहां वह क्रिकेट जगत में 'कैप्टन कूल' के नाम से भी लोकप्रिय हो चुके हैं। देखिए एमएस धोनी के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर के सबसे पहले हेलिकॉप्टर शॉट की यह वीडियो:

Edited by Staff Editor