एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार जीत के बाद विश्व रैंकिंग में नंबर 3 पर पहुंची भारतीय हॉकी टीम

भारतीय टीम 2021 में टोक्यो ओलंपिक ब्रॉन्ज जीतने के बाद भी नंबर 3 पर पहुंची थी। (सौ.- हॉकी इंडिया)।
भारतीय टीम 2021 में टोक्यो ओलंपिक ब्रॉन्ज जीतने के बाद भी नंबर 3 पर पहुंची थी। (सौ.- हॉकी इंडिया)।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम FIH की ताजा जारी रैंकिंग में नंबर 3 पर आ गई है। बीते शनिवार चेन्नई में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने की बदौलत भारत को एक स्थान का फायदा हुआ है। भारत ने मलेशिया को हराकर चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी। टूर्नामेंट से पहले भारत के 2762.74 अंक थे और खिताब जीतने की बदौलत टीम को 8.61 अंकों का फायदा हुआ।

भारतीय टीम के अब कुल 2771.35 अंक हैं और उसने इंग्लैंड को पीछे कर तीसरा स्थान पाया है। पहले स्थान पर 3095.90 अंकों के साथ नीदरलैंड्स की टीम है जबकि बेल्जियम 2917.87 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। इसी साल जनवरी में विश्व चैंपियन बनने वाली जर्मन टीम पांचवे नंबर पर है। टॉप 10 में भारत के अलावा इकलौता अन्य एशियाई देश मलेशिया है जो 9वें नंबर पर है। एशिया की ही बात करें तो दक्षिण कोरिया 11वें, पाकिस्तान 16वें और जापान 18वें नंबर पर है।

भारतीय हॉकी टीम ने एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया। राउंड रॉबिन की तर्ज पर हुए शुरुआती मुकाबलों में टीम ने कुल 5 मैच खेले जिनमें से 4 मैच में टीम विजयी रही जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा। इसके बाद सेमीफाइनल में टीम ने जापान को 5-0 से मात दी जबकि फाइनल में 1-3 से पिछड़ने के बाद वापसी कर टीम इंडिया ने 4-3 से जीत दर्ज की। यह चौथी बार था जब भारत ने इस खिताब को जीता हो।

अब एशियाड पर निगाहें

अब भारतीय हॉकी टीम का प्रयास सितंबर में चीन में होने वाले एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने का होगा। गोल्ड जीतने वाली टीम अगले साल होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लेगी। एशियन गेम्स में भाग ले रही टीमों में भारतीय टीम सर्वोच्च रैंकिंग प्राप्त है और ऐसे में फैंस को टीम से गोल्ड से कम कुछ भी मंजूर नहीं होगा। भारत ने साल 1966, 1998 और 2014 एशियाड में गोल्ड जीता था जबकि पिछली बार टीम कांस्य पदक जीतने में सफल रही थी।