भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को शुरुआती झटके दे दिए हैं

IND vs SA, तीसरा टेस्ट: भारत के विशाल स्कोर के जवाब में दक्षिण अफ्रीका की खराब शुरुआत, खराब रोशनी के कारण खेल को पहले रोकना पड़ा

रांची टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने अपना शिकंजा कस लिया है। भारत ने अपनी पहली पारी 497/9 पर घोषित की। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने महज 9 रन के स्कोर पर ही दो विकेट गंवा दिए हैं। दूसरे दिन स्टंप्स के समय कप्तान फाफ डू प्लेसी 1 और जुबैर हमजा बिना खाता खोले क्रीज पर हैं। भारत की तरफ से रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया।

पहले सत्र में भारतीय टीम ने तेजी से बल्लेबाजी की और कुल 133 रन जोड़े। रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे की जोड़ी ने आक्रामक बल्लेबाजी की। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज बिल्कुल भी लय में नहीं नजर आए। इसी बीच अजिंक्य रहाणे ने अपना शतक पूरा किया। हालांकि 115 रन बनाकर वो जॉर्ज लिंडे की गेंद पर आउट हो गए। रहाणे और रोहित के बीच चौथे विकेट के लिए 267 रनों की मैराथन साझेदारी हुई।

Ad

लंच से चायकाल के बीच भारतीय टीम ने 140 रन बनाए और 5 विकेट गंवाया। रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला दोहरा शतक पूरा किया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही एक बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में वे कगिसो रबाडा की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 212 रनों की पारी खेली। रोहित के अलावा रविंद्र जडेजा ने भी 51 रनों की पारी खेली। उमेश यादव ने 10 गेंद पर 5 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 31 रन बनाए। ये उनके टेस्ट करियर का सर्वाधिक स्कोर है। भारत ने चायकाल के समय 497 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी।

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को 4 रन के स्कोर पर ही पहला झटका लग गया। सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर बिना खाता खोले मोहम्मद शमी की गेंद पर ऋद्धिमान साहा को कैच थमा बैठे। इसके बाद 8 रन के स्कोर पर क्विंटन डी कॉक भी साहा को कैच थमा बैठे।

संक्षिप्त स्कोर

Ad

भारत: 497/9* (रोहित शर्मा 212, अजिंक्य रहाणे 115, जॉर्ज लिंडे 4/133)

दक्षिण अफ्रीका: 9/2

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज़ स्पोर्ट्सकीड़ा पर पाएं।

Ad
Edited by
सावन गुप्ता
 
See more
More from Sportskeeda