• Sports News
  • Hindi Cricket News
  • IPL 2024
  • आईपीएल 2019, तीसरा मैच: ऋषभ पंत की धुआंधार पारी, दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 37 रनों से हराया

आईपीएल 2019, तीसरा मैच: ऋषभ पंत की धुआंधार पारी, दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 37 रनों से हराया

मुंबई में खेले गए आईपीएल 2019 के तीसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को रनों से हराकर बढ़िया शुरुआत की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने मैन ऑफ़ द मैच ऋषभ पंत के धुआंधार अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 213/6 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस 176/9 का स्कोर ही बना सकी। युवराज सिंह ने मुंबई इंडियंस के लिए अपने पहले मुकाबले में ही बेहतरीन अर्धशतक लगाया।

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही। दूसरे ओवर में पृथ्वी शॉ (7) और चौथे ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर (16) आउट हुए। पावरप्ले के बाद स्कोर 45/2 था और शुरूआती झटकों से उबरते हुए दिल्ली ने 12वें ओवर में 100 रन पूरे किये। कॉलिन इनग्राम (32 गेंद 47) ने शिखर धवन के साथ तीसरे विकेट के लिए 83 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाई और टीम को बड़े स्कोर की तरफ अग्रसर किया।

Ad

शिखर धवन ने 36 गेंदों में 43 रन बनाये, लेकिन 16वें ओवर में 131 के स्कोर पर उनके आउट होने से दिल्ली की टीम को चौथा झटका लगा, लेकिन इसके बाद ऋषभ पंत ने धुंआधार पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। ऋषभ पंत ने 27 गेंदों में सात छक्कों और सात चौकों की मदद से नाबाद 78 रनों की जबरदस्त पारी खेली। पंत ने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। अंत में राहुल तेवतिया ने भी नौ रनों का योगदान दिया।

मुंबई इंडियंस की तरफ से मिचेल मैक्लेनेघन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और बेन कटिंग ने एक-एक विकेट लिया।

बड़े लक्ष्य के जवाब में मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही उन्होंने तीन विकेट गँवा दिए थे। 6 ओवर में स्कोर 46/3 था और रोहित शर्मा (14), क्विंटन डी कॉक (27) और सूर्यकुमार यादव (2) आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे। युवराज सिंह ने किरोन पोलार्ड (21) के साथ चौथे विकेट के लिए 50 रन जोड़े, लेकिन 11वें ओवर में पोलार्ड आउट हुए और उसके बाद 12वें ओवर में हार्दिक पांड्या (0) के भी आउट होने से मुंबई इंडियंस को बहुत बड़ा झटका लगा।

Ad

क्रुणाल पांड्या ने 15 गेंदों में 32 रनों की धुआंधार पारी खेली, लेकिन 15वें ओवर में 134 के स्कोर पर उनके आउट होने से मुंबई की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई। 17वें ओवर में बेन कटिंग भी सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए। हालाँकि युवराज सिंह ने एक छोर संभाले रखा था और उन्होंने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा किया। युवराज ने 35 गेंदों में 53 रन बनाये, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। मुंबई इंडियंस ने 19.2 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर रन बनाये और 37 रनों से मुकाबला गँवा दिया। जसप्रीत बुमराह चोट के कारण बल्लेबाजी करने नहीं आये।

दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से कगिसो रबाडा और इशांत शर्मा ने दो-दो और ट्रेंट बोल्ट, कीमो पॉल, राहुल तेवतिया और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया।

Ad

मुंबई इंडियंस के लिए जम्मू और कश्मीर के रसीख सलाम ने अपना डेब्यू किया, वहीं दिल्ली कैप्टिलस के लिए कीमो पॉल ने अपना पहला मैच खेला।

संक्षिप्त स्कोरकार्ड:

दिल्ली कैपिटल्स: 213/6 (ऋषभ पंत 78*, मिचेल मैक्लेनेघन 3/40)

मुंबई इंडियंस: 176/9 (युवराज सिंह 53, कगिसो रबाडा 2/22)

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज स्पोर्टसकीड़ा पर पाएं

Ad
Edited by
निशांत द्रविड़
 
See more
More from Sportskeeda