• Sports News
  • Hindi Cricket News
  • IPL 2024
  • आईपीएल 2019, 36वां मैच: राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हराया, स्टीव स्मिथ की बेहतरीन कप्तानी पारी

आईपीएल 2019, 36वां मैच: राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हराया, स्टीव स्मिथ की बेहतरीन कप्तानी पारी

जयपुर में खेले गए आईपीएल 2019 के 36वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज़ की। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाये, जिसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 'मैन ऑफ़ द मैच' स्टीव स्मिथ की बढ़िया पारी की बदौलत आखिरी ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। मुंबई इंडियंस के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की यह इस सीजन की लगातार दूसरी जीत है।

अजिंक्य रहाणे की जगह राजस्थान रॉयल्स ने स्टीव स्मिथ को नया कप्तान बनाया और उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। राजस्थान की टीम में तीन बदलाव किये गए और जोस बटलर, इश सोढ़ी और राहुल त्रिपाठी की जगह स्टीव स्मिथ, बेन स्टोक्स और रियान पराग की वापसी हुई।

Ad

मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ 5 रन बनाकर तीसरे ओवर में 11 के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद क्विंटन डी कॉक ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर टीम को संभाला विकेट के लिए 97 रनों की बढ़िया साझेदारी निभाई। डी कॉक ने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और मुंबई इंडियंस ने 13वें ओवर में 100 का आंकड़ा पार किया।

हालाँकि 14वें ओवर में सूर्यकुमार यादव (33 गेंद 34) और 15वें ओवर में क्विंटन डी कॉक (47 गेंद 65) के आउट होने से मुंबई इंडियंस को दो बड़े झटके लगे। 17वें ओवर में किरोन पोलार्ड (7 गेंद 10) भी आउट हो गए और मुंबई को चौथा झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने 15 गेंदों में 23 रनों की तेज़ पारी खेलकर टीम को 150 के पार पहुंचाया, लेकिन आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर उनके आउट होने से मुंबई को नुकसान हुआ। बेन कटिंग 9 गेंद में 13 और क्रुणाल पांड्या दो गेंदों में दो रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी 5 ओवरों में मुंबई इंडियंस ने 49 रन बनाये। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से श्रेयस गोपाल ने दो और जयदेव उनादकट, स्टुअर्ट बिन्नी एवं जोफ्रा आर्चर ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य के जवाब में संजू सैमसन (19 गेंद 35) और अजिंक्य रहाणे (12 गेंद 12) ने 39 रनों की तेज़ शुरुआत दिलाई, लेकिन राहुल चाहर ने चौथे ओवर में रहाणे को आउट करके मेजबानों को पहला झटका दिया। पावरप्ले के 6 ओवर में 60/1 का स्कोर बनाने के बाद राजस्थान रॉयल्स को आठवें ओवर में दो झटके लगे और संजू सैमसन एवं बेन स्टोक्स (2 गेंद 0) को राहुल चाहर ने चलता किया।

Ad

हालाँकि स्टीव स्मिथ एक छोर पर टिके थे और रियान पराग के साथ टीम को 12वें ओवर में 100 के आंकड़े तक पहुंचाया और चौथे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी निभाकर मैच को एकतरफ़ा कर दिया। स्टीव स्मिथ ने 40 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 18वें ओवर में रियान पराग 29 गेंदों में 43 रन बनाकर रन आउट हुए और उसके बाद 19वें ओवर की पहली गेंद पर एश्टन टर्नर भी खाता खोले बिना आउट हो गए, लेकिन स्टीव स्मिथ ने स्टुअर्ट बिन्नी (4 गेंद 7) के साथ मिलकर टीम को पांच गेंद शेष रहते जीत दिला दी। स्मिथ 48 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद रहे।

मुंबई इंडियंस की तरफ से राहुल चाहर ने तीन और जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट लिया।

Ad

संक्षिप्त स्कोरकार्ड:

मुंबई इंडियंस: 161/5 (क्विंटन डी कॉक 65, श्रेयस गोपाल 2/21)

राजस्थान रॉयल्स: 162/5 (स्टीव स्मिथ 59*, राहुल चाहर 3/29)

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज स्पोर्टसकीड़ा पर पाएं

Ad
Edited by
निशांत द्रविड़
 
See more
More from Sportskeeda