NZ vs IND, दूसरा वन-डे: भारत ने न्यूजीलैंड को 90 रनों से हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की

माउंट मौंगनुई में खेले गए दूसरे वन-डे मैच में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को 90 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 324 रन का बड़ा स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम 40.2 ओवर में 234 रन पर आउट हो गई और लगातार दूसरा मैच गंवा बैठी। रोहित शर्मा मैन ऑफ़ द मैच रहे।

टॉस जीतकर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और यह बिलकुल सही साबित हुआ। रोहित शर्मा और शिखर धवन ने मेजबान गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और पहले विकेट के लिए 154 रन जोड़े। धवन 67 गेंद पर 66 रन बनाकर बोल्ट की गेंद पर आउट हुए। रोहित शर्मा अर्धशतक बनाने के बाद भी सहज नजर आ रहे थे लेकिन 87 रन के निजी स्कोर पर संयम खोकर फर्ग्युसन की गेंद पर चलते बने। उन्होंने 96 गेंदों की पारी में 9 चौके और 3 छक्के जड़े। कप्तान विराट कोहली ने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए बढ़िया शुरुआत की। क्रीज पर टिकने के बाद वे गलती कर बैठे और 43 रन के निजी स्कोर पर बोल्ट की गेंद पर चलते बने। इस समय कुल स्कोर 236 रन था।

Ad

40 ओवर का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया का स्कोर 238/3 था। यहां से अम्बाती रायडू और महेंद्र सिंह धोनी ने कमान सम्भाली और सूझबूझ से बल्लेबाजी की। रायडू अच्छी लय में नजर आ रहे थे और अर्धशतक के करीब जाकर 47 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इस समय कुल स्कोर 271 रन था और 4 ओवर से ज्यादा का खेल बचा हुआ था। महेंद्र सिंह धोनी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए बचे हुए ओवरों में तेजी से स्कोर आगे बढ़ाया और टीम ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 324 रन बनाए। धोनी ने 33 गेंद पर नाबाद 48 और केदार जाधव ने 10 गेंद पर नाबाद 22 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए बोल्ट और फर्ग्युसन ने 2-2 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मार्टिन गप्टिल महज 15 रन के निजी स्कोर पर भुवनेश्वर कुमार का शिकार हुए। इसके बाद केन विलियमसन को 20 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दूसरा झटका दिया। कॉलिन मुनरो ने क्रीज पर टिकने की कोशिश की लेकिन स्पिन आक्रमण पर आते ही चहल ने उन्हें 31 रन के निजी योग पर आउट कर इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट पर 84 रन कर दिया। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका। टॉम लैथम (34) और हेनरी निकोल्स (28) ने एक साझेदारी निभाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। आठवां विकेट 166 रन पर गिरने के बाद ब्रेसवेल ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्हें 57 रन पर भुवनेश्वर कुमार ने चलता किया। कुलदीप यादव की गेंदबाजी का जादू एक बार फिर देखने को मिला और पूरी न्यूजीलैंड की टीम 40.2 ओवर में 234 रन बनाकर आउट हो गई। कुलदीप यादव ने 45 रन देकर 4 विकेट चटकाए। भुवनेश्वर कुमार और चहल को 2-2 विकेट मिले।

Ad
Edited by
Naveen Sharma
 
See more
More from Sportskeeda