Enter caption

ISL 2018-19 : मुंबई ने चेन्नइयन को 1-0 से हराया

मौजूदा चैंपियन चेन्नइयन एफसी को शनिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए मैच में बेहतर खेल दिखाने के बाद भी मुंबई सिटी एफसी से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। लीग के इस सत्र में मेजबान की पांचवीं हार है। साथ ही घरेलू मैदान पर लगातार तीसरी हार है। मेजबान ने अब तक छह मैच खेले हैं लेकिन उसका खाता नहीं खुला है। उसे पांच मैचों में हार जबकि एक में ड्रॉ के साथ खेल समाप्त करना पड़ा। अंक तालिका में वह अंतिम स्थान पर है।

मुंबई की छह मैचों में यह तीसरी जीत है। वह तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया। एफसी गोवा और जमशेदपुर एफसी के साथ बंगलुरु के भी समान 10-10 अंक हैं लेकिन ये टीमें गोल अंतर के कारण मुंबई से आगे हैं। मैच की शुरुआत आक्रमक तरीके से हुई। मोडोउसोगोउ ने मैच के 20वें मिनट में ही गोल करते हुए मुंबई को 1-0 की बढ़त दिला दी। यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ। यह गोल काउंटर अटैक के माध्यम से हुआ।

Ad

दरअसल, रफाएल बास्तोस ने एक अच्छा थ्रू बॉल सोगोउ को दिया। इसे लेकर वो आगे बढ़े। उन्होंने बाएं किनारे से बॉक्स में घुसकर हमला किया लेकिन गोलकीपर ने बचाव किया। गेंद उनके हाथ से टकराकर दोबारा सोगोउ के पास पहुंची। उन्होंने इस बार बिना गलती किए उसे नेट में पहुंचा दिया। पहले हाफ में मुंबई को यह एकमात्र मौका मिला जिसे उसने गोल में बदला।

पहला गोल खाने के बाद चेन्नइयन ने भी हमले शुरू किए। मैच के 25वें मिनट में लूसियान गोइयान ने चेन्नई का एक हमला रोका। 41वें मिनट में आंद्रिजा ओर्लाडी गेंद लेकर मुंबई के बॉक्स में घुसे लेकिन शुभाशीष बोस ने उन्हें गिरा दिया। आंद्रिजा ने पेनल्टी की मांग की लेकिन रेफरी ने इसे नकार दिया। पहले हाफ का मैच 1-0 के स्कोर के साथ ही समाप्त हुआ।

दूसरे हाफ में बढ़त बनाने में लगे मुंबई ने बास्तोस और सोगोउ की मदद से हमला किया लेकिन करणजीत ने इसे रोक दिया। 51वें मिनट में चेन्नई ने एक मौका बनाया लेकिन वे उसे गोल में नहीं बदल पाए। मैच के 62वें मिनट में मेजबान टीम को बराबरी का गोल करने का बेहतरीन मौका मिला लेकिन वे इसे भुना नहीं पाए। आग्सतो ने बाएं किनारे से कार्लोस सालोम को बॉक्स के भीतर पास दिया। सालोम ने गेंद को पोस्ट की भेजा तो लेकिन वह जॉयनर लाउरेंसो से टकराकर और फिर बार से टकराकर लौट गई। रिबाउंड पर थोई सिंह ने शॉट लगाया लेकिन अमरिंदर ने इसे रोक दिया।

इसके बाद भी चेन्नई के खिलाड़ियों ने कुछ मौके बनाए लेकिन अंततः वे गोल करने में कामयाब नहीं हो सके और मैच 1-0 के स्कोर के साथ समाप्त हुआ।

Ad
Edited by
संदीप भूषण
 
See more
More from Sportskeeda