Enter caption

ISL 2018-19 : मुंबई सिटी ने केरल को 6-1 से रौंदा

मोदोउ सोगोउ के बेहतरीन चार गोल की बदौलत मुंबई सिटी एफसी ने केरल ब्लास्टर्स को 6-1 से रौंद दिया। मुंबई एरेना में रविवार को खेले गए इस मुकाबले में सोगोउ ने चार गोल के साथ नया इतिहास बनाया। वह आईएसएल के किसी भी एक मैच में चार गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इस सीजन में मुंबई की यह सातवीं और सबसे बड़ी जीत है। उसके खाते में अब तीन ड्रॉ और दो हार हैं। उसने अपने कुल अंकों की संख्या 24 कर ली है। अंक तालिका में वह दूसरे स्थान पर है। वहीं ब्लास्टर्स की 12 मैचों में यह पांचवीं हार है। यह टीम नौ अंकों के साथ तालिका में आठवें स्थान पर है।

मैच में मुंबई ने धमाकेदार शुरुआत की। उनके खेल से यह जाहिर हो गया था कि केरल के लिए दूसरे हाफ में कोई मौका नहीं बचा है। पहले हाफ में मुंबई ने चार गोल दागे। इस दौरान तीन गोल मेजबान ने तो एक गोल मेहमान टीम के नाम रहा। मुंबई के लिए तीनों गोल इस मैच के स्टार सोगोउ ने किया। केरल के लिए सिमिनलेन डॉगेल ने गोल दागा। सोगोउ ने मैच के 12वें, 15वें और 94वें मिनट में गोल किया और हैट्रिक लगाई। उनके नाम अब इस सत्र में कुल नौ गोल हो गए हैं।

Ad

सोगोउ ने पाउलो माचादो की मदद से मैच का पहला गोल किया। इसके तीन मिनट बाद ही सोगोउ ने रेनियर फर्नाडिस की बदौलत गोल करते हुए टीम को 2-0 से आगे कर दिया। केरल 22वें मिनट में मैच का पहला बड़ा हमला किया। हालांकि वे इसे गोल में नहीं बदल सके। उनकी मेहनत बेकार नहीं हुई और 27वें मिनट में केरल के लिए डोंगेल ने शौवीक चक्रोबर्ती द्वारा रोकी गई गेंद को डिफलेक्ट होने के बाद गोल में बदलकर टीम का स्कोर 1-2 किया। 30वें मिनट में सोगोउ ने एक और गोल दागकर केरल की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस गोल में सुभाशीष ने सोगोउ की मदद की।

मैच के 35वें मिनट केरल के जाकिर मुंडाम्बारा को पीला कार्ड दिखाया गया। इंजुरी टाइम में मुंडाम्पारा ने गलत तरीके रफाएल बास्तोस को गिरा दिया। रेफरी ने उन्हें इस हरकर के लिए पीले कार्ड से नवाजा। यह उनका दूसरा पीला कार्ड था और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। केरल की टीम को अब 10 खिलाड़ियों के साथ ही खेलना था।

पहले से ही आक्रमक रुख अपनाए मुंबई को 10 खिलाड़ियों के साथ रोकना और मैच में वापसी करना केरल के लिए नामुमकिन था। रफाएल ने 70वें मिनट में गोल कर अपना खाता खोला और टीम की जीत में एक गोल का योगदान भी दिया। 89वें मिनट में माटियास मिराबाजे ने एर्नाल्ड इसोको की मदद से गोल करते हुए मुंबई की बढ़त को 5-1 कर दिया। इंजुरी टाइम में सोगोउ ने एक और गोल कर केरल को पस्त कर दिया और लीग में एक नया रिकॉर्ड कायम किया।

Ad
Edited by
संदीप भूषण
 
See more
More from Sportskeeda