• Sports News
  • हॉकी
  • सड़क हादसे में हॉकी के चार राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने गंवाई जान
हादसे के बाद की स्थिति

सड़क हादसे में हॉकी के चार राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने गंवाई जान

मनुष्य जीवन की अवधि बेहद अनिश्चित और विचित्र है। यही कुछ मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में हुआ। एक कार दुर्घटना में राष्ट्रीय स्तर के चार हॉकी खिलाड़ियों की दुखद मृत्यु हो गई। इस हृदय विदारक घटना से हर कोई स्तब्ध है। तेज स्पीड से चल रही कार एक पेड़ से टकरा गई और उसमें सवार चार हॉकी खिलाड़ियों की मौत हो गई।

पेड़ से टकराने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और चार खिलाड़ियों की मौत के अलावा तीन लोगों के घायल होने की भी खबर है। खिलाड़ी स्विफ्ट डिजायर कार में जा रहे थे, इलाके के डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं। मृतक खिलाड़ी शाहनवाज खान, आदर्श हरदुआ, आशीष लाल और अनिकेत वरुण थे। ये चारों क्रमशः इंदौर, इटारसी, जबलपुर और ग्वालियर के रहने वाले थे।

Ad

होशंगाबाद में चल रहे अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए ये चारों खिलाड़ी आए हुए थे। तेज रफ़्तार से चल रही कार पेड़ से टकराकर एक गड्ढे में जाकर धंस गई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हुआ। घटना के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मृतक खिलाड़ियों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए हर संभव मदद करने की बात कही। उनकी ऑफिस के ट्विटर हैंडल से ट्वीट में इन चीजों का जिक्र किया गया। पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने भी इस घटना के बाद दुःख प्रकट किया है।

इस तरह के हादसों से भारतीय खेल को ही नुकसान होता है। कई बार देखा गया है कि नेशनल और राज्य स्तर के खिलाड़ी ऐसी दुर्घटनाओं की चपेट में आए हैं। पिछले साल जनवरी में दिल्ली में भी एक ऐसी ही दुर्घटना हुई थी जिसमें 4 नेशनल खिलाड़ियों की मौत हुई थी। वे सभी वेट लिफ्टर थे। उनकी गाड़ी भी स्विफ्ट डिजायर थी और वह सड़क किनारे खम्बे से टकराई थी।

Ad

Quick Links

Edited by
Naveen Sharma
 
See more
More from Sportskeeda