प्रीमियर बैडमिंटन लीग 2017 में आज मुंबई रॉकेट्स ने घरेलू टीम अवध वॉरियर्स को 4-3 से हराकर झटका दिया। इस जीत की बदौलत मुंबई की टीम अब अंक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुँच चुकी है। अवध वॉरियर्स की टीम अभी भी टॉप पर है। कल से टूर्नामेंट का बेंगलुरु लेग शुरू होने वाला है। 7-11 जनवरी तक सभी मुकाबले बेंगलुरु में खेले जाएँगे। चेन्नई के मैचों को भी बेंगलुरु ही शिफ्ट कर दिया गया था। आज हुए पहले पुरुष डबल्स मुकाबले में मुंबई रॉकेट्स के ली योंग दाई और निपिथफोन फुआंगफुआपेट की जोड़ी ने अवध वॉरियर्स के गोह वी शेम और मार्किस कीडो की जोड़ी को 11-7, 3-11, 13-11 से हराया। इस जीत की बदौलत मुंबई की टीम 1-0 से आगे हो गई। दूसरा मुकाबला पुरुष सिंगल्स था और मुंबई रॉकेट्स के अजय जयराम ने अवध वॉरियर्स के किदम्बी श्रीकांत को 5-11, 15-14, 11-5 से हराकर मुंबई को मैच में 2-0 से आगे कर दिया। तीसरे मैच में अवध की साइना नेहवाल का सामना मुंबई की सुंग जी ह्यून के साथ था। पहला गेम साइना ने 12-10 से आपने नाम किया। दूसरे गेम में सुंग में वापसी की और 11-4 से इसे जीत मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गेम में साइना ने 11-5 से जीत हासिल कर मुकाबला जीत लिया और मुंबई की बढ़त को 2-1 कर दिया। चौथा मुकाबला मुंबई रॉकेट्स के लिए ट्रम्प गेम था और एचएस प्रनोय ने अवध वॉरियर्स के विन्सेंट वोंग विंग की को 14-12, 9-11, 11-8 से हराकर टीम को 4-1 से आगे कर दिया। ये बढ़त मुंबई के लिए विजयी बढ़त भी थी। आखिरी मुकाबला मिक्स्ड डबल्स था और ये अवध वॉरियर्स के लिए ट्रम्प था। इसमें अवध के बोदिन इसारा और सावित्री अमृतापाई की जोड़ी ने मुंबई रॉकेट्स के नदिज्दा ज़िएबा और निपिथफोन फुआंगफुआपेट की जोड़ी को 11-8, 11-4 से हारकर मैच का स्कोर 4-3 कर दिया। कल बेंगलुरु लेग के पहले दिन घरेलू टीम बेंगलुरु ब्लास्टर्स का सामना हैदराबाद हंटर्स से होगा। दोनों टीम अंक तालिका में अपना स्थान बेहतर करना चाहेंगी।