रियो ओलंपिक्स से पहले घुटने की चोट से परेशान भारत की सितारा महिला शटलर साइना नेहवाल अपने गृहनगर हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती हो गई हैं।
2012 लंदन ओलंपिक्स की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने रियो में चोटिल होने के बावजूद खेला और ग्रुप चरण में विश्व रैंकिंग पर 61वें स्थान पर काबिज यूक्रेन की मारिया उलीटिना से हारकर बाहर हो गई।
मैच के बाद 26 वर्षीय साइना ने स्वीकार किया था कि वह चोट के बावजूद खेली जो उन्हें रियो ओलंपिक से पहले लगी थी। साइना ने किसी तरह अपना पहला मुकाबला सीधे सेटों में 21-17, 21-17 से जीता था।
ओलंपिक्स में हिस्सा लेने से उनकी चोट अधिक गंभीर हो गई तथा ग्रुप जी के अपने आखिरी मैच में वह उलीटिना से 18-21, 19-21 से शिकस्त खा बैठी। उनके पिता हरवीर सिंह ने कहा, 'साइना नेहवाल पिछले दो दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं और अपनी चोट का इलाज करा रही हैं। मारिया के खिलाफ मैच में उनकी चोट बहुत गंभीर हो गई थी।'
साइना को रियो अभियान से 10 दिन पूर्व चोट लगी थी और उनकी टीम ने टूर्नामेंट में फिट करने के लिए कड़ी मेहनत भी की। मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
खबरों में पता लगा है कि साइना का एमआरआई स्कैन किया गया है, लेकिन उनके पिता ने इसका परिणाम नहीं बताया। उन्होंने कहा, 'डॉक्टरों ने मुझे एमआरआई स्कैन का परिणाम नहीं बताया है। मैं इसके बारे में बाद में ही बात कर पाऊंगा। साइना बाकी का चेकअप मुंबई में कराएंगी।
Published 19 Aug 2016, 00:39 IST