आंद्रे रसेल का जबरदस्त ऑलराउंडर प्रदर्शन, क्रिस गेल हुए फ्लॉप

जमैका की शानदार जीत (Photo Credit - CPL)
जमैका की शानदार जीत (Photo Credit - CPL)

सीपीएल 2021 (CPL) के 21वें मुकाबले में जमैका तलावाज (Jamaica Tallawahs) ने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स (St Kitts and Nevis Patriots) को 22 रन से हरा दिया। पहले खेलते हुए जमैका तलावाज ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए, जवाब में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स की टीम 8 विकेट खोकर 147 रन ही बना पाई। आंद्रे रसेल को उनके ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के कप्तान क्रिस गेल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। जमैका तलावाज की शुरूआत अच्छी हुई। पहले विकेट के लिए सलामी बल्लेबाजों ने 37 रनों की शानदार साझेदारी की। केनार लुईस ने 16 गेंद पर 20 रन बनाए।

आंद्रे रसेल ने 17 गेंद पर 28 रन बनाए

मिडिल ऑर्डर में शामराह ब्रूक्स और कप्तान रोवमेन पॉवेल ने बेहतरीन पारी खेली। ब्रूक्स ने 33 गेंद पर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 43 रन बनाए और पॉवेल ने 19 गेंद पर 1 चौके और 4 छक्के की मदद से 37 रनों की पारी खेली। निचले क्रम में आंद्रे रसेल ने सिर्फ 17 गेंद पर ताबड़तोड़ 28 रन बनाकर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के दो बड़े बल्लेबाज जल्द ही पवेलियन लौट गए। एविन लुईस 5 और कप्तान क्रिस गेल 12 रन ही बना पाए। इसके बाद डेवोन थॉमस ने 36 गेंद पर 34और जोशुआ डी सिल्वा ने 31 गेंद पर 28 रनों की पारी खेली।

हालांकि इसके बावजूद 98 रनों तक टीम ने अपने 5 विकेट गंवा दिए। निचले क्रम में डॉमिनिक क्रेक ने 12 गेंद पर 22 और फेबियन एलेन ने 14 गेंद पर 18 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। जमैका तलावाज के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। आंद्रे रसेल ने भी एक विकेट लिया।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता