IPL में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कैसा रहा है संजू सैमसन का प्रदर्शन?

पहले मैच में सैमसन ने लगाया था शानदार अर्धशतक (Photo Credit: IPL)
पहले मैच में सैमसन ने लगाया था शानदार अर्धशतक (Photo Credit: IPL)

जीत के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की शुरुआत करने वाली राजस्थान रॉयल्स (RR) का सामना आज दोपहर को मुंबई इंडियंस (MI) से होगा। सीजन के पहले मैच में राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन (Sanju Samson) ने शानदार बल्लेबाजी की थी और धुंआधार अर्धशतक लगाया था। मुंबई के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भी सैमसन की बल्लेबाजी राजस्थान के लिए काफी अहम होने वाली है।

आइए जानते हैं मुंबई के खिलाफ अब तक कैसा रहा है सैमसन का प्रदर्शन।

सैमसन ने मुंबई के खिलाफ खेले 18 मैचों में लगभग 29 की औसत के साथ 491 रन बनाए हैं। उन्होंने मुंबई के खिलाफ 76 के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के साथ पांच अर्धशतक लगाए हैं। मुंबई के खिलाफ सैमसन का स्ट्राइक-रेट लगभग 140 का रहा है। वह इस टीम के खिलाफ तीन बार शून्य पर भी आउट हो चुके हैं।

मुंबई के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ कैसा रहा है सैमसन का प्रदर्शन?

जसप्रीत बुमराह के लिए इस सीजन का पहला मुकाबला अच्छा नहीं रहा था और उनकी खूब पिटाई हुई थी। हालांकि, बुमराह चैंपियन गेंदबाज हैं और उन्हें वापसी करना आता है। सैमसन के लिए बुमराह एक बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। अब तक सैमसन ने बुमराह के खिलाफ 45 गेंदों में 48 रन बनाए हैं और दो बार उनका शिकार बन चुके हैं। सैमसन अब तक बुमराह के खिलाफ एक भी छक्का नहीं लगा सके हैं।

लेग-स्पिनर मुरुगन अश्विन ने मुंबई के लिए अपने डेब्यू मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की थी और उनसे आगामी मुकाबले में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। हालांकि, सैमसन के खिलाफ अश्विन को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सैमसन ने अब तक अश्विन के खिलाफ 29 गेंदों में 43 रन जड़े हैं और एक भी बार उनका शिकार नहीं बने हैं।

तेज गेंदबाज बेसिल थंपी के खिलाफ भी सैमसन का प्रदर्शन शानदार रहा है और वह इस तेज गेंदबाज के खिलाफ 10 गेंदों में 25 रन बना चुके हैं। सैमसन ने थंपी के खिलाफ दो चौके और दो छक्के लगाए हैं।

Quick Links