आईपीएल 2019: चेन्नई सुपर किंग्स के अभ्यास के दौरान मैदान में घुस आया फैन, धोनी ने फिर दौड़ाया

Enter caption

क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी की दीवानगी गजब की है। हर कोई उनसे हाथ मिलाना और फोटो खिंचवाना चाहता है। कई बार देखा गया है कि मैच के दौरान प्रशंसक सुरक्षा घेरा तोड़कर दौड़ते हुए उनके पास पहुंच जाते हैं। इनमें कोई गले मिलता है तो कोई धोनी के पैर छू लेता है। कुछ ऐसा नजारा हाल ही में चेन्नई के चिदंबरम स्टेडियम में देखने को मिला। वहां चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अभ्यास कर रही थी। उस दौरान धोनी भी पैड्स पहनकर बैटिंग का अभ्यास कर रहे थे। तभी एक फैन आया, जिसे धोनी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में खूब दौड़ाया और आखिरी में उससे हाथ मिलाकर उसकी मनोकामना पूरी की। इसका जो वीडियो सोशल मीडिया पर जारी हुआ है, उसे देखकर हर किसी की हंसी छूट रही है।

आईपीएल के 12वें सीजन के लिए हर टीम जमकर पसीना बहा रही है। पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल बेंगलुरु चैलेंजर्स के बीच 23 मार्च को खेला जाना है। इसके लिए चेन्नई की टीम अभ्यास कर रही थी कि तभी धोनी का फैन दौड़ते हुए उनके पास आ गया। धोनी ने उसे देखते ही कबड्डी स्टाइल में अपने दोनों हाथ फैला लिए और गेंदबाज बालाजी के पीछे छुपने लगे। कुछ सेकेंड्स तक धोनी बालाजी की टी-शर्ट खींचते हुए अपने फैन से बचने की कोशिश करते हैं। इसके बाद वह दौड़ते हैं और उनके पीछे फैन भी दौड़ पड़ता है। तभी सुरक्षाकर्मी आकर उस फैन को पकड़ लेते हैं। हालांकि, कुछ देर छकाने के बाद धोनी खुद ही फैन से आकर हाथ मिलाते हैं।

इस वीडियो को सीएसके ने अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। वीडियो में धोनी पूरी मस्ती के मूड में नजर आ रहे हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई एकदिवसीय सीरीज के नागपुर मैच के दौरान भी एक फैन मैदान में घुस आया था। धोनी ने उसे देखते ही दौड़ लगा दी थी और फैन भी उनके पीछे दौड़ने लगा था।

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज़ स्पोर्ट्सकीड़ा पर पाएं।

Quick Links

Edited by निशांत द्रविड़