IPL 2020, 34वां मैच - शिखर धवन का बेहतरीन शतक, दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच विकेट से हराया

Photo - IPL
Photo - IPL

IPL 2020 के 34वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने शारजाह में चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच विकेट से हराया और नौ मैचों में सात जीत एवं 14 अंकों के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 179/4 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। शिखर धवन को 101 रनों की धुआंधार शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और टीम में पीयूष चावला की जगह केदार जाधव की वापसी हुई। दिल्ली कैपिटल्स की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया।

चेन्नई सुपरकिंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ही ओवर में सैम करन खाता खोले बिना आउट हो गए। हालाँकि इसके बाद फाफ डू प्लेसी ने शेन वॉटसन (28 गेंद 36) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े और पारी को संभाला। 12वें ओवर में वॉटसन आउट हुए, लेकिन दूसरे छोर पर डू प्लेसी ने 39 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 14वें ओवर में चेन्नई का स्कोर 100 के पार पहुंचे, लेकिन 15वें ओवर में 109 के स्कोर पर डू प्लेसी 47 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए।

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ 3 रन बनाकर 17वें ओवर में 129 के स्कोर पर आउट हुए, लेकिन अम्बाती रायडू ने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर टीम को 175 के पार पहुंचाया और दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 50 रन जोड़े। रायडू ने 25 गेंदों में नाबाद 45 और जडेजा ने 13 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाये। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से एनरिक नॉर्टजे ने सबसे ज्यादा विकेट लिए। उनके अलावा कगिसो रबाडा और तुषार देशपांडे ने एक-एक विकेट लिया।

Photo - IPL
Photo - IPL

लक्ष्य के जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही और पृथ्वी शॉ लगातार दूसरे मैच में खाता खोले बिना आउट हो गए। इसके बाद पांचवें ओवर में 26 के स्कोर पर अजिंक्य रहाणे (8) भी आउट हो गए। यह दोनों विकेट दीपक चाहर ने लिए। यहाँ से शिखर धवन ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर टीम को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 68 रन जोड़े, लेकिन 12वें ओवर में अय्यर (23 गेंद 23) के आउट होने से दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा।

शिखर धवन ने सिर्फ 29 गेंदों में इस सीजन का लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। 13वें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स ने 100 का आंकड़ा पार किया। धवन ने स्टोइनिस के साथ मिलकर टीम को 15 ओवर में 129/3 तक पहुंचा दिया था और आखिरी पांच ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 51 रनों की जरूरत थी। 16वें ओवर में 137 के स्कोर पर मार्कस स्टोइनिस 14 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हो गए और दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका लगा। एलेक्स कैरी भी सिर्फ 4 रन बनाकर 19वें ओवर में 159 के स्कोर पर आउट हो गए।

हालाँकि शिखर धवन आज बेहतरीन फॉर्म में थे और 19वें ओवर में उन्होंने 57 गेंदों में आईपीएल और टी20 का अपना पहला शतक पूरा किया, लेकिन टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 17 रनों की जरूरत थी। अक्षर पटेल ने रविंद्र जडेजा के ओवर में तीन छक्के लगाए और टीम को एक गेंद शेष रहते जीत दिला दी। शिखर धवन 58 गेंदों में 101 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और 1 छक्का लगाया।

Quick Links