IPL 2020 - मुंबई इंडियंस के लिए अनुमानित विदेशी खिलाड़ियों का कॉम्बिनेशन

मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस

आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस ने अब तक कुल मिलाकर 4 बार आईपीएल के खिताब को अपने नाम किया है। टीम की सफलता का एक महत्वपूर्ण कारण यह है कि वह अपनी टीम के साथ ज्यादा बदलाव नहीं करते और फिर चाहे अपने भारतीय खिलाड़ी हों या फिर विदेशी खिलाड़ी, वह सब पर भरोसा करके उन्हें मौका देते हैं और खिलाड़ी भी उन्हें कभी निराश नहीं करते।

टीम के संतुलन की बात करें तो मुंबई के पास वो खिलाड़ी हैं जिससे उन्हें अपना पांचवां खिताब हासिल करने में मदद मिलेगी, लेकिन इस बार वो कितने सफल हो पाएंगे यह इस पर भी निर्भर करता है कि वह अपना प्लेइंग इलेवन किस तरीके से तैयार करते हैं। क्रिस लिन, मिचेल मैक्लेनेघन, लसिथ मलिंगा, ट्रेंट बोल्ट, क्विंटन डी कॉक, किरोन पोलार्ड और शरफेन रदरफोर्ड जैसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के बाद अब देखना होगा कि मुंबई किन चार विदेशी खिलाड़ियों को अंतिम एकादश में शामिल करती है।

यह भी पढ़े - IPL इतिहास के 3 सबसे असफल कप्तानों पर एक नजर

इसी बात को ध्यान में रखते हुए आज हम आपको चार ऐसे विदेशी खिलाड़ियों के बारे में बताने वाले हैं जो आईपीएल की शुरुआत में मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन में शामिल हो सकते हैं:

#1 क्विंटन डी कॉक

क्विंटन डी कॉक 
क्विंटन डी कॉक

साल 2019 में मुंबई के लिए सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलते हुए शानदार प्रदर्शन करने वाले क्विंटन डी कॉक इस साल भी अपने प्रदर्शन को कामयाब रखना चाहेंगे। 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए क्विंटन डी कॉक ने 16 मुकाबलों में 35.26 की औसत के साथ 529 रन बनाए और टीम को आईपीएल विजेता बनाने में महत्वपूर्ण योगदान निभाया।

इसके अलावा विकेट के पीछे दस्तानों से भी क्विंटन डी कॉक बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं, ऐसे में वह टीम के लिए इस साल भी विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेलते हुए दिख सकते हैं।

#2 लसिथ मलिंगा

लसिथ मलिंगा 
लसिथ मलिंगा

अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के साथ करने वाले लसिथ मलिंगा के ऊपर मुंबई इंडिंयस ने बहुत भरोसा जताया है और मलिंगा ने भी मुंबई के भरोसे पर खरा उतरते हुए हर सीजन अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिया है। साल 2019 के फाइनल में भी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लसिथ मलिंगा ने आखिरी ओवर मे शानदार गेंदबाज़ी कर टीम को चैंपियन बनाया था और इस साल भी वह अपनी तेज गेंदबाजी से टीम की सफलता में योगदान देना चाहेंगे।

#3 किरोन पोलार्ड

किरोन पोलार्ड 
किरोन पोलार्ड

2010 में मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा बने किरोन पोलार्ड उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने मुंबई की सफलता में सबसे ज्यादा योगदान दिया है। पोलार्ड ने मुंबई के लिए कई बार अंत में आकर विस्फोटक पारियां खेलकर टीम को मुकाबला जिताया है, इसके अलावा उन्होंने कई दफा पारी को संभाला भी है।

साल 2019 में भी पोलार्ड ने मुंबई के लिए खेलते हुए 16 पारियों में 34.87 की औसत से 279 रन बनाए थे और इसके अलावा वह कमाल का क्षेत्ररक्षण भी करते हैं। किरोन पोलार्ड को इस साल भी हम मुंबई के लिए फिनिशर की भूमिका निभाते हुए देखेंगे।

#4 नाथन कूल्टर नाइल

नाथन कूल्टर नाइल 
नाथन कूल्टर नाइल

इस साल की आईपीएल नीलामी में मुंबई इंडियंस द्वारा खरीदे गए नाथन कूल्टर नाइल को टीम जरूर गेंदबाजी के लिए खिलाना चाहेगी। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन कूल्टर नाइल, मलिंगा और बुमराह के साथ मिलकर दूसरी टीम को पेस से जरुर तंग करना चाहेंगे। इसके अलावा इस साल के बिग बैश में भी मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलते हुए नाथन ने 12 पारियों में 7.5 की अच्छी इकॉनमी के साथ 10 विकेट झटके थे।

Quick Links

Edited by निशांत द्रविड़