दिल्‍ली कैपिटल्‍स का भारतीय दल आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के लिए यूएई रवाना हुआ

दिल्‍ली कैपिटल्‍स का स्‍क्‍वाड
दिल्‍ली कैपिटल्‍स का स्‍क्‍वाड

दिल्‍ली कैपिटल्‍स (Delhi Capitals) के कुछ भारतीय खिलाड़ी आईपीएल 2021 (IPL 2021) के दूसरे चरण के लिए यूएई रवाना हो गए हैं। दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने शनिवार को यूएई के लिए यात्रा की, जिसकी जानकारी फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक इंस्‍टाग्राम हैंडल पर स्‍टोरी पोस्‍ट करके दी। इसमें अमित मिश्रा (Amit Mishra) और सपोर्ट स्‍टाफ का हिस्‍सा अजय रात्रा शामिल हैं।

दिल्‍ली कैपिटल्‍स आईपीएल के पिछले तीन संस्‍करणों में सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीम रही। फ्रेंचाइजी ने 2012 के बाद पहली बार 2019 में प्‍लेऑफ में जगह बनाई और इसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 2020 आईपीएल में दिल्‍ली कैपिटल्‍स फाइनल में पहुंचा, लेकिन मुंबई इंडियंस के हाथों उसे शिकस्‍त सहनी पड़ी।

आईपीएल 2021 के पहले चरण में दिल्‍ली कैपिटल्‍स की टीम अंक तालिका में शीर्ष स्‍थान पर थी। उसने आठ मैचों में छह में जीत दर्ज की। टीम के ओपनर्स शिखर धवन और पृथ्वी शॉ उनकी सफलता का सबसे बड़ा कारण रहे। पहले चरण में आवेश खान को भी जबरदस्‍त सफलता हासिल करते हुए देखा गया, जिन्‍होंने अपनी तेज गेंदबाजी से विरोधी बल्‍लेबाजों में खौफ भरा।

यूएई में कौन होगा दिल्‍ली कैपिटल्‍स का कप्‍तान?

इस बीच दिल्‍ली कैपिटल्‍स यह फैसला नहीं कर पाई है कि श्रेयस अय्यर या ऋषभ पंत में से कौन कप्‍तानी करेगा। अय्यर कंधे की चोट के कारण आईपीएल 2021 के पहले चरण में नहीं खेल पाए थे। हालांकि, यूएई चरण के लिए वह पूरी तरह फिट हो गए हैं। अय्यर की गैरमौजूदगी में फ्रेंचाइजी ने पंत को कप्‍तानी की जिम्‍मेदारी सौंपी थी।

23 साल के पंत ने शानदार काम किया, लेकिन अय्यर ने 2018 से फ्रेंचाइजी का शानदार ढंग से नेतृत्‍व किया है। अय्यर का बल्‍ले से भी शानदार रिकॉर्ड है। उन्‍होंने 79 मैचों में 31.42 की औसत से 2200 रन बनाए हैं। युवा बल्‍लेबाज ने छह सीजन खेले, जिसमें से चार सीजन में 400 रन का आंकड़ा पार किया।

विदेशी खिलाड़‍ियों में एनरिच नॉर्टजे, कगिसो रबाडा, मार्कस स्‍टोइनिस, स्‍टीव स्मिथ, टॉम करन और सैम बिलिंग्‍स के उपस्थित रहने की उम्‍मीद है। मगर क्रिस वोक्‍स का चोटिल होने के कारण खेलना मुश्किल है। दिल्‍ली की टीम दमदार है और उसकी नजरें खिताब पर लगी होंगी।

Quick Links

Edited by Vivek Goel