IPL 2021- रवि शास्त्री ने एमएस धोनी को सीमित ओवरों के प्रारूप का सबसे महान कप्तान बताया 

धोनी की टीम मौजूदा सीजन में प्लेऑफ में पहुंच गयी है
धोनी की टीम मौजूदा सीजन में प्लेऑफ में पहुंच गयी है

भारतीय टीम (Indian Cricket Team) के हेड कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) ने महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को सफ़ेद गेंद की क्रिकेट में अब तक का सबसे महान कप्तान बताया है। एमएस धोनी ने काफी सालों तक भारतीय टीम की कप्तानी की है और बहुत सफलता हासिल की। धोनी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं लेकिन आईपीएल (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान के रूप में उनका जलवा अभी देखने को मिल रहा है। शास्त्री का मानना है कि धोनी ने लगभग वह सब कुछ हासिल कर लिया है जो एक कप्तान सीमित ओवरों के प्रारूप में हासिल कर सकता है।

एमएस धोनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को टी20 विश्व कप, वनडे विश्व कप तथा चैंपियंस ट्रॉफी जितवाई हैं। इसके अलावा आईपीएल में भी धोनी की कप्तानी में सीएसके ने तीन बार ख़िताब पर कब्ज़ा किया है। आगामी टी20 विश्व कप में एक बार फिर शास्त्री और धोनी की जोड़ी साथ दिखाई देगी। धोनी को टीम इंडिया का मेंटर बनाया गया है, जबकि शास्त्री मुख्य कोच की भूमिका में होंगे।

रवि शास्त्री ने FanCode को दिए इंटरव्यू में धोनी की उपलब्धियों की सराहना की तथा उन्हें अब तक का सबसे महान कप्तान भी बताय। उन्होंने कहा,

धोनी अब तक के सबसे महान सफेद गेंद के कप्तान हैं। आईसीसी टूर्नामेंट में उनका रिकॉर्ड देखिए। उसने क्या नहीं जीता? आईपीएल, चैंपियंस लीग, सभी आईसीसी टूर्नामेंट, दो विश्व कप। सफेद गेंद वाले क्रिकेट की बात करें तो उनके करीब कोई नहीं है। वह सबसे महान हैं। किंग कांग, आप उसे उसी अंदाज में बुला सकते हैं।

शास्त्री के मुताबिक धोनी का शांत दिमाग और नियंत्रण उन्हें दूसरों से अलग बनाता है

एमएस धोनी को हर परिस्थिति में शांत स्वाभाव के लिए जाना जाता है और वह दवाब की स्थिति में भी शांत रहते हैं तथा नियंत्रण रखने की कोशिश रखते हैं। शास्त्री ने धोनी के इन गुणों की तारीफ करते हुए कहा,

जब आप धोनी को एक टीम की कप्तानी करते देखते हैं, और आप चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को देखते हैं, तो यह आश्वासन रहेगा कि चीजे नियंत्रण में हैं। दूसरी तरफ छक्के या चौके लग रहे हों लेकिन आप अभी भी महसूस करते हैं कि यह संयम और नियंत्रण है।

इसके अलावा शास्त्री ने यह भी कहा कि सीएसके प्लेऑफ में पहुंच गयी है और अब यह धोनी पर निर्भर करता है कि वह एक-दो खिलाड़ियों को आराम देना चाहते हैं या नहीं। हालांकि चेन्नई अपनी लय नहीं खोना चाहेगी।

Quick Links