सीएसके के सीईओ ने बताया कि अंबाती रायडू ने रिटायरमेंट वाला ट्वीट क्यों किया था

Nitesh
अंबाती रायडू शॉट लगाते हुए (Photo Credit - IPLT20)
अंबाती रायडू शॉट लगाते हुए (Photo Credit - IPLT20)

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सीईओ काशी विश्वनाथ ने टीम के दिग्गज बल्लेबाज अंबाती रायडू (Ambati Rayudu) के उस ट्वीट को लेकर प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने अपने रिटायरमेंट की बात कही थी। हालांकि रायडू ने इसके तुरंत बाद वो ट्वीट डिलीट भी कर दिया था। काशी विश्वनाथ ने बताया कि रायडू ने वो ट्वीट क्यों किया था।

दरअसल अंबाती रायडू ने ट्वीट करके कहा था कि यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन होगा। रायडू ने अपने ट्वीट में मुंबई इंडियंस (MI) और CSK की टीम को धन्यवाद भी कहा था। रायडू द्वारा संयास लेने के ट्वीट के आते ही सोशल मीडिया पर रिएक्शन आने लगे, लेकिन थोड़ी ही देर बाद रायडू ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया।

रायडू द्वारा किए गए ट्वीट का स्क्रीनशॉट आप नीचे देख सकते हैं।

अम्बाती रायडू के ट्वीट का स्क्रीनशॉट
अम्बाती रायडू के ट्वीट का स्क्रीनशॉट

रायडू शायद अपने परफॉर्मेंस से निराश थे - चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ

अब चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ ने बताया कि रायडू ने ये ट्वीट करके डिलीट क्यों किया। स्पोर्टस्टार से खास बातचीत में उन्होंने कहा "मैंने रायडू से बात की थी और वो रिटायरमेंट नहीं ले रहे हैं। वो अपने परफॉर्मेंस से निराश थे और शायद इसी वजह से वो ट्वीट कर दिया होगा। लेकिन उन्होंने इस ट्वीट को डिलीट कर दिया है और निश्चित रूप से रिटायर नहीं हो रहे हैं।"

आपको बता दें कि आईपीएल 2022 में आज चेन्नई सुपर किंग्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। देखने वाली बात होगी कि रायडू आज के मुकाबले में खेलेंगे या नहीं। चेन्नई सुपर किंग्स ने अभी तक 12 मैचों में सिर्फ 4 जीत दर्ज की है और प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गए हैं। ऐसे में वो अपने बेंच स्ट्रेंथ को भी आजमा सकते हैं। इसलिए प्लेइंग इलेवन में फेरबदल की संभावना है।

Quick Links