दिल्ली कैपिटल्स को इस तरह से नहीं करना चाहिए था, शेन वॉटसन का बयान

ऋषभ पंत ने अपने प्लेयर्स को वापस बुला लिया
ऋषभ पंत ने अपने प्लेयर्स को वापस बुला लिया

दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच मुकाबले के दौरान जो कुछ भी हुआ उसकी चर्चा हर कोई कर रहा है। कई पूर्व दिग्गजों का मानना है कि दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को इस तरह की हरकत नहीं करनी चाहिए थी। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन ने खुद कहा है कि जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था।

दरअसल राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज ओबेड मैकॉय की गेंद को लेकर ये सारा हंगामा हुआ। दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए आखिरी ओवर में 36 रन चाहिए थे। रोवमेन पॉवेल ने पहली तीन गेंद पर तीन छक्के जड़कर अपनी टीम की उम्मीद जगा दी। हालांकि तीसरी गेंद फुलटॉस थी और दिल्ली कैपिटल्स के सभी प्लेयर्स का मानना था कि ये नो बॉल है। हालांकि अंपायर ने उसे नो बॉल करार नहीं दिया और इससे गुस्सा होकर ऋषभ पंत ने अपने खिलाड़ियों को वापस बुला लिया और वॉक आउट कर दिया। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के असिस्टेंट कोच मैदान के अंदर अंपायर से बात करने चले गए। यही वजह है कि दिल्ली कैपिटल्स टीम की हर कोई आलोचना कर रहा है।

दिल्ली कैपिटल्स को ऐसा नहीं करना चाहिए था - शेन वॉटसन

हालांकि अब टीम के असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन ने खुद कहा है कि दिल्ली की टीम ने जो कुछ किया वो गलत था। उन्होंने कहा,

आखिरी ओवर में जो कुछ भी हुआ वो काफी निराशाजनक था। दिल्ली कैपिटल्स इसका समर्थन नहीं करती है। चाहे ये सही हो या गलत हो हमें इसे मानना पड़ेगा। अगर कोई मैदान के अंदर जाता है तो ये सही नहीं है।

आपको बता दें कि IPL 2022 के 34वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को बड़े स्कोर वाले मुकाबले में 15 रनों से हराया और अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गए। टॉस हारकर पहले खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 222/2 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 207/8 का स्कोर ही बना सकी।

Quick Links