एम एस धोनी के कप्तानी के तरीके को लेकर पूर्व स्पिनर ने दी बड़ी प्रतिक्रिया

एम एस धोनी कप्तानी के दौरान (Photo Credit - IPLT20)
एम एस धोनी कप्तानी के दौरान (Photo Credit - IPLT20)

एम एस धोनी (MS Dhoni) के कप्तानी के एप्रोच को लेकर मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के पूर्व स्पिन गेंदबाज प्रज्ञान ओझा (Pragyan Ojha) ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एम एस धोनी टीम मीटिंग के दौरान ज्यादा कुछ नहीं बोलते हैं। उन्हें जो कुछ भी करना होता है वो मैदान में करते हैं।

एम एस धोनी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में कप्तान के तौर पर वापसी की। उसका असर टीम के परफॉर्मेंस पर भी देखने को मिला। चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 202/2 का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद 189/6 का स्कोर ही बना सकी। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे ने पहले विकेट के लिए 182 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी निभाई और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

एम एस धोनी मैदान में ही सारी रणनीति बनाते हैं - प्रज्ञान ओझा

प्रज्ञान ओझा ने एम एस धोनी की कप्तानी को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धोनी अपनी ज्यादातर प्लानिंग और रणनीति मैदान में ही बनाते हैं। क्रिकबज्ज पर बातचीत के दौरान ओझा ने कहा,

एम एस धोनी की टीम मीटिंग काफी छोटी होती है। वो अपना ज्यादातर काम मैदान में ही करते हैं। वो इससे पहले कुछ नहीं बताते हैं कि मैदान में खिलाड़ियों को क्या करना है। वो केवल कोचिंग स्टाफ से यही कहते हैं कि खिलाड़ियों को बस तैयार रखें। टीम में जो कुछ भी चल रहा होता है वो उस पर कड़ी निगाह रखते हैं।

आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स ने अभी तक कुल मिलाकर 9 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्हें केवल 3 ही मैचों में जीत मिली है और 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। सीएसके की लगातार हार की वजह से ही रविंद्र जडेजा ने कप्तानी छोड़ दी और दोबारा धोनी को कप्तान बनाया गया।

Quick Links