रोहित शर्मा का मुंबई इंडियंस के लिए रन ना बनाना चिंता का विषय है, पूर्व क्रिकेटर का बयान

रोहित शर्मा की बल्लेबाजी पर सवाल है (Photo Credit - IPL)
रोहित शर्मा की बल्लेबाजी पर सवाल है (Photo Credit - IPL)

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने आईपीएल 2022 (IPL) के आगाज से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस टीम (Mumbai Indians) को लेकर एक बड़ी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) भले ही टीम के सबसे बड़े प्लेयर हों लेकिन उन्होंने उतने रन नहीं बनाए हैं जितना बनाना चाहिए।

रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे सफल टीम है। इस टीम ने सबसे ज्यादा पांच बार आईपीएल का टाइटल अपने नाम किया है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने काफी सफलता हासिल की। हालांकि बल्ले से रोहित शर्मा उतने ज्यादा रन नहीं बना पाए, जितना बड़ा उनका नाम है। उन्होंने रन जरूर बनाए लेकिन कभी आरैंज कैप या टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में उनका नाम नहीं रहा।

रोहित शर्मा ने एक सीजन में 600 रन नहीं बनाए हैं - आकाश चोपड़ा

आकाश चोपड़ा के मुताबिक रोहित शर्मा का ज्यादा रन नहीं बनाना मुंबई इंडियंस के लिए चिंता का विषय है। उनके मुताबिक इस आईपीएल सीजन मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव सबसे ज्यादा रन बना सकते हैं। उन्होंने कहा,

मुंबई की तरफ से इस सीजन हाईएस्ट स्कोरर कौन हो सकता है ? तीन बड़े दावेदार इस लिस्ट में हैं। रोहित शर्मा वैसे तो लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट के जबरदस्त बल्लेबाज हैं लेकिन उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए ज्यादा रन नहीं बनाए हैं। ये टीम के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने एक सीजन में 600 रन बनाने का कारनामा नहीं किया है। इशान किशन दूसरे ऑप्शन हैं जिन्हें टीम ने 15 करोड़ से ज्यादा की रकम में खरीदा था। हालांकि मेरे हिसाब से इस आईपीएल सीजन मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन सूर्यकुमार यादव बनाएंगे।

आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस की टीम इस सीजन दूसरा मुकाबला खेलेगी। पहला मैच 26 मार्च को चेन्नई और केकेआर के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा।

Quick Links