रविन्द्र जडेजा को चेन्नई सुपरकिंग्स का कप्तान बनाने पर पूर्व भारतीय खिलाड़ी की बड़ी प्रतिक्रिया

जडेजा लम्बे समय से चेन्नई के साथ खेल रहे हैं
जडेजा लम्बे समय से चेन्नई के साथ खेल रहे हैं

महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के हटने के बाद चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को रविन्द्र जडेजा (Ravindra Jadeja) के रूप में नया कप्तान मिला है। जडेजा को लीडर बनाने का ऐलान होने के बाद चारों तरफ इस निर्णय को लेकर बयानबाजी हो रही है। जडेजा चेन्नई के साथ लम्बे समय से जुड़े हुए हैं। इस बार उनको नीलामी से पहले ही रिटेन किया गया था। उनको कप्तान बनाने के निर्णय पर पूर्व भारतीय खिलाड़ी विनोद काम्बली की प्रतिक्रिया आई है।

काम्बली ने भारतीय माइक्रोब्लॉगिंग एप 'कू' (Koo) पर अपनी प्रतिक्रिया दी। काम्बली ने लिखा कि अब टैलेंट बोलेगा। इस आईपीएल में वो सब होगा जो सोचा नहीं था। जडेजा को सीएसके का कप्तान बनाया गया है। मैं बहुत खुश हूँ क्योंकि इस खिलाड़ी में जोश के साथ वो प्रतिभा भी है।

काम्बली ने जडेजा को कप्तान बनाने पर ख़ुशी जताई है
काम्बली ने जडेजा को कप्तान बनाने पर ख़ुशी जताई है

गौरतलब है कि जडेजा और धोनी लम्बे समय से चेन्नई की टीम से ही खेलते हैं। इस बार नीलामी से पहले ही जडेजा को चेन्नई की टीम में रिटेन किया गया था। उनको इस बार 16 करोड़ रूपये की भारी रकम के साथ टीम में रखा गया है। महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी से हटने का निर्णय लिया और जडेजा को यह जिम्मेदारी देते हुए भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम आईपीएल की तैयारियों के लिए सूरत में रुकी हुई थी। ट्रेनिंग प्रक्रिया के लिए एक माह तक टीम वहीँ थी। अब चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम मुंबई गई है। पहले मैच में चेन्नई का सामना केकेआर से होगा। पिछले साल दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया था। इस बार सीएसके डिफेंडिंग चैम्पियन है। देखना होगा कि जडेजा इस नई चुनौती का सामना किस तरह करेंगे। हालांकि धोनी के रहने से उनको ज्यादा परेशानी नहीं होगी। माही उनको मैदान पर गाइड करते रहेंगे।

Quick Links