मार्टिन गप्टिल ने छक्कों के मामले में रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा

Nitesh
मार्टिन गप्टिल
मार्टिन गप्टिल

न्यूजीलैंड के दिग्गज सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल (Martin Guptill) ने छक्कों के मामले में भारत के रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मार्टिन गप्टिल अब टी20 अंतर्राष्ट्रीय में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं और इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे कर दिया।

मार्टिन गप्टिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में जबरदस्त पारी खेली। गप्टिल ने सिर्फ 50 गेंद पर 6 चौके और 8 छक्के की मदद से 97 रन बनाए और महज 3 रन से अपने शतक से चूक गए। इसी दौरान वो सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में रोहित शर्मा से आगे निकल गए।

ये भी पढ़ें: क्रिस गेल और राशिद खान पीएसएल में महज दो मैच खेलने के बाद वापस लौटे

मार्टिन गप्टिल टी20 अंतर्राष्ट्रीय में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने

मार्टिन गप्टिल के अब 96 टी20 मुकाबलों में कुल 132 छक्के हो गए हैं। वहीं रोहित शर्मा ने 108 मुकाबलों में 127 छक्के लगाए हैं। इंग्लैंड के लिमिटेड ओवर्स के कप्तान इयोन मोर्गन इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं जिन्होंने 113 छक्के जड़े हैं। न्यूजीलैंड के ही सलामी बल्लेबाज कॉलिन मुनरो 107 छक्के के साथ चौथे और वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल 105 छक्कों के साथ पांचवे पायदान पर हैं। हालांकि गेल ने सिर्फ 58 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले ही खेले हैं इससे पता चलता है कि औसत के मामले में वो कितना आगे हैं। वहीं खबरों के मुताबिक क्रिस गेल लंबे समय बाद वेस्टइंडीज टीम में वापसी करने वाले हैं।

मार्टिन गप्टिल ने लंबे समय बाद फॉर्म में वापसी की। उन्होंने अपना आखिरी टी20 अर्धशतक नवंबर 2019 में लगाया था। उसके बाद से 12 पारियों में वो अर्धशतक नहीं लगा पाए थे। उन्होंने सिर्फ 27 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया और उसके बाद और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। ऑस्ट्रेलियाई टीम को आखिर में 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

ये भी पढ़ें: अहमदाबाद टेस्ट मैच में बेहतरीन गेंदबाजी के बाद अक्षर पटेल ने दी बड़ी प्रतिक्रिया

Quick Links

Edited by Nitesh