Hindi Cricket News - मोहित शर्मा ने अपनी ऑलटाइम आईपीएल इलेवन का किया ऐलान, महेंद्र सिंह धोनी कप्तान

रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी
रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी

दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने अपनी ऑलटाइम आईपीएल इलेवन को चुना है। मोहित शर्मा ने अपनी टीम का कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को चुना है और उनकी टीम में 9 भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। मोहित शर्मा ने अपनी टीम में उन्हीं खिलाड़ियों को शामिल किया है, जिनके साथ या खिलाफ वो आईपीएल में खेले हैं।

हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के साथ हुए लाइव सेशन में मोहित शर्मा से उनसे ऑलटाइम इलेवन चुनने के लिए कहा गया था और इस बात की जानकारी खुद दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट करके दी।

यह भी पढ़ें: युवराज सिंह द्वारा टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में लगाए गए सभी अर्धशतकों पर एक नजर

मोहित शर्मा ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर मुंबई इंडियंस के दो दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा को चुना है। तीन नंबर पर उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली को रखा है, तो चार नंबर पर उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के सुरेश रैना को जगह दी है। पांचवें स्थान पर उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खतरनाक बल्लेबाज एबी डीविलियर्स को रखा है। छठे नंबर पर उनकी टीम में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं। धोनी इस टीम के कप्तान और विकेटकीपर भी होंगे।

ऑलराउंडर के तौर पर उन्होंने मुंबई इंडियंस के हार्दिक पांड्या और राजस्थान रॉयल्स के बेन स्टोक्स को रखा है। दिल्ली कैपिटल्स के अमित मिश्रा टीम के एकमात्र स्पिनर हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के भुवनेश्वर कुमार और मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह टीम के दो तेज गेंदबाज हैं।

गौर करने वाली बात यह है कि मोहित शर्मा की टीम में भारत के 9 और सिर्फ 2 ही विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। आपको बता दें कि मोहित शर्मा आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेले हैं। आईपीएल 2020 के लिए उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि कोरोनावायरस के कारण आईपीएल का मौजूदा सीजन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया जा चुका है।

मोहित शर्मा की ऑलटाइम आईपीएल इलेवन इस प्रकार है:

सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, विराट कोहली, सुरेश रैना, एबी डीविलियर्स, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान एवं विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, बेन स्टोक्स, अमित मिश्रा, भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह।

Quick Links