एमएस धोनी ने मनाया अपना 40वां बर्थडे, इस तरह पता चला

हितेश संघवी और एमएस धोनी
हितेश संघवी और एमएस धोनी

टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी ने अपना 40वां जन्‍मदिन अपने चिर-परिचित अंदाज में मनाया। दुनियाभर के दिग्‍गज क्रिकेटर्स और फैंस ने सोशल मीडिया के जरिये भारत के सर्वश्रेष्‍ठ कप्‍तानों में से एक धोनी को जन्‍मदिन की बधाई दी। सोशल मीडिया पर पूरे दिन धोनी के फोटो और वीडियो क्लिप घूमती हुई नजर आई।

एमएस धोनी ने लाइमलाइट से दूर रहते हुए रांची में अपने फार्महाउस में अपने परिवार और करीबियों के साथ बर्थडे मनाया। एमएस धोनी के दोस्‍त हितेश संघवी ने फैंस को बताया कि एमएस धोनी ने किस तरह अपना जन्‍मदिन मनाया। सीएसके के कप्‍तान ने अपने दोस्‍त के साथ सोफे पर आराम से बैठे हुए फोटो खिंचाया। हितेश संघवी ने इंस्‍टाग्राम स्‍टोरी के जरिये लोगों को इसकी जानकारी दी।

एमएस धोनी जब मैदान से दूर होते हैं तो आमतौर पर मीडिया से दूरी बनाए रखते हैं। वह अपने परिवार के साथ फार्महाउस पर अच्‍छा समय बिताते हैं और खुद को उन्‍होंने खेती में शामिल भी कर रखा है।

आईपीएल का दूसरा चरण शुरू होने में अभी दो महीने से ज्‍यादा समय बचा है। धोनी ने ऐसे में अपना जन्‍मदिन चुनिंदा लोगों के साथ मनाने का फैसला किया।

आईसीसी ने शेयर किया बर्थडे स्‍पेशल वीडियो

एमएस धोनी के 40वें जन्‍मदिन के मौके पर आईसीसी ने एक खास वीडियो शेयर किया है। आईसीसी ने बुधवार को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें मैदान पर धोनी के सबसे मजबूत फैसलों को प्रस्‍तुत किया गया है।

पांच मिनट लंबे वीडियो में आईसीसी ने धोनी के कुछ यादगार लम्‍हों को कैद किया, जिसमें टी20 विश्‍व कप के फाइनल में जोगिंदर शर्मा को आखिरी ओवर देना हो या फिर 2011 विश्‍व कप फाइनल में युवराज सिंह से पहले खुद बल्‍लेबाजी करने आना हो, शामिल है।

वीडियो में 2016 वर्ल्‍ड टी20 वाली क्लिप भी दिखाई जब धोनी ने बांग्‍लादेशी बल्‍लेबाज को आखिरी गेंद पर रनआउट किया था। इसी टूर्नामेंट में वेस्‍टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय टीम को विकेट की सख्‍त जरूरत थी। तब धोनी ने कोहली को गेंद थमाई, जिन्‍होंने जॉनसन चार्ल्‍स को आउट किया था।

2015 विश्‍व कप की झलकी भी दिखाई गई है, जब धोनी ने शानदार फील्डिंग जमाकर ग्‍लेन मैक्‍सवेल और यूएई के बल्‍लेबाज को जल्‍दी आउट किया था।

आईसीसी ने वीडियो का अंत उस क्लिप के साथ किया, जो हर भारतीय क्रिकेट फैन के मन में बसा हुआ है। धोनी ने नुवान कुलसेकरा की गेंद पर छक्‍का जमाकर भारत को 28 साल बाद विश्‍व कप खिताब दिलाया।

Quick Links

Edited by Vivek Goel