मुंबई इंडियंस की ऑलटाइम IPL इलेवन पर नजर 

मुंबई इंडियंस 5 बार IPL का खिताब जीत चुकी है
मुंबई इंडियंस 5 बार IPL का खिताब जीत चुकी है

आईपीएल (IPL) इतिहास की सबसे सफल टीमों की बात की जाएगी, तो उसमें हमेशा ही मुंबई इंडियंस का नाम सबसे ऊपर ही आएगा। 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में अभी तक आईपीएल का खिताब सबसे ज्यादा जीतने वाली टीम मुंबई इंडियंस ही है। इसके अलावा टीम 2010 में फाइनल भी खेल चुकी है, जहां उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा।

यह भी पढें: आईपीएल की ऑलटाइम इलेवन

इसके अलावा टीम 2011,2012 और 2014 में भी प्लेऑफ में पहुंची थी, लेकिन फाइनल तक का सफर तय नहीं कर पाए। मुंबई इंडियंस एक ऐसी टीम रही है, जिसमें कभी स्टार खिलाड़ियों की कमी नहीं रही है। पहले सीजन से लेकर अभी तक कई दिग्गज खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा रह चुके हैं। सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, सनथ जयसूर्या, एंड्रयू साइमंड्स, हर्शल गिब्स जैसे पूर्व दिग्गज खिलाड़ी इस टीम के लिए खेल चुके हैं।

इस आर्टिकल में हम मुंबई इंडियंस की ऑलटाइम इलेवन पर नजर डालेंगे:

नोट: इस टीम को चुने जाने वाले खिलाड़ियों ने मुंबई इंडियंस के लिए कम से कम 25 मैच खेले हैं।

#) सचिन तेंदुलकर

सचिन तेंदुलकर
सचिन तेंदुलकर

2008 से 2011 तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने वाले सचिन तेंदुलकर 2013 तक आईपीएल खेले और इन सभी सीजन में वो मुंबई इंडियंस का ही हिस्सा थे। सचिन तेंदुलकर ने अपने आईपीएल करियर में 78 मुकाबलों में 119.81 की स्ट्राइक रेट और 34.83 की औसत से 2334 रन बनाए। इस बीच सचिन ने 1 शतक और 13 अर्धशतक भी लगाए हैं।

सचिन तेंदुलकर अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 2010 में फाइनल तक लेकर गए हुए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 100* रन है।

#) क्विंटन डी कॉक

क्विंटन डी कॉक
क्विंटन डी कॉक

सचिन तेंदुलकर के साथ दूसरे सलामी बल्लेबाज के तौर क्विंटन डी कॉक सही विकल्प है। मुंबई इंडियंस के लिए 2019 से अभी तक खेलने वाले कॉक का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है और वो टीम के साथ रहते हुए दो बार खिताब भी जीते हैं। कॉक ने मुंबई इंडियंस के लिए 32 मुकाबलों में 1032 रन बनाए हैं। इस बीच पिछले दोनों सीजन में उनका औसत 35 से ऊपर और स्ट्राइक रेट भी 130 से ऊपर ही रहा है।

क्विंटन डी कॉक ने इस बीच 8 अर्धशतक भी लगाए हैं। क्विंटन डी कॉक का मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सर्वाधिक स्कोर 81 रन है, जो उन्होंने 2019 में बनाया था। वो इस टीम के कप्तान भी होंगे।

#) अंबाती रायडू

अंबाती रायडू
अंबाती रायडू

2010 में मुंबई इंडियंस के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले अंबाती रायडू 2017 तक मुंबई का ही हिस्सा रहे। इस बीच वो 2013, 2015 और 2017 में तीन बार आईपीएल का खिताब भी मुंबई टीम का हिस्सा रहते हुए ही जीते। रायडू ने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 114 मुकाबलों में 27.14 की औसत और 126.16 के स्ट्राइक रेट से 2416 रन बनाए हैं।

अंबाती रायडू ने इस बीच 14 अर्धशतक भी लगाए, जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 81* रन है। रायडू इस समय आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं।

#) रोहित शर्मा (कप्तान)

रोहित शर्
रोहित शर्मा

मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज उनके मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा ही हैं। हालांकि रोहित पहले सीजन से मुंबई का हिस्सा नहीं थे, 2008-10 तक वो डेक्कन चार्जर्स में थे, तो 2011 से अभी तक वो मुंबई इंडियंस का हिस्सा ही है। रोहित ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 2013,2015,2017, 2019 और 2020 में खिताबी जीत भी दिलाई।

रोहित शर्मा ने अभी तक मुंबई इंडियंस के लिए 155 मुकाबलों में 4060 रन बनाए हैं। उन्होंने 31 अर्धशतक और एक शतक भी लगाया है। इस बीच उनका सर्वाधिक स्कोर 109* रन है। रोहित शर्मा इस टीम के कप्तान भी होंगे।

#) सूर्याकुमार यादव

IPL Qualifier - Mumbai v Chennai
IPL Qualifier - Mumbai v Chennai

मुंबई की ऑलटाइम इलेवन में सूर्याकुमार यादव का नाम देखकर काफी लोग हैरान होंगे। हालांकि सूर्याकुमार ने मुंबई के लिए खेले गए 47 मुकाबलों में 1416 रन बनाए हैं। उन्होंने 10 अर्धशतक भी लगाए हैं। इस बीच उनका सर्वाधिक स्कोर 79* रन है।

सूर्याकुमार यादव मुंबई के लिए 2012 में एक और उसके बाद 2018 में 14 और 2019 में 16 मुकाबले खेले हैं। इस बीच वो कोलकाता नाइटराइडर्स का भी हिस्सा रहे हैं। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले तीन सीजन में उन्होंने लगातार मुंबई के लिS 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। 2018 में उनके बल्ले से 512, तो 2019 में उन्होंने 424 रन बनाए थे और 2020 में उन्होंने 480 रन बनाए।

#) किरोन पोलार्ड

2019 IPL Final - Mumbai v Chennai
2019 IPL Final - Mumbai v Chennai

2010 से अभी तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे किरोन पोलार्ड का प्रदर्शन टीम के लिए काफी बेहतरीन रहा है। वो टीम की पांचों खिताबी जीत का हिस्सा रहे हैं और अहम मुकाबलों में उनका योगदान भी काफी ज्यादा रहा है। किरोन पोलार्ड ने अपने आईपीएल करियर में 164 मुकाबलों में 29.93 की औसत और 149.87 के स्ट्राइक रेट से 3023 रन बनाए हैं।

उन्होंने 15 अर्धशतक भी लगाए हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर 83 रन है। इसके अलावा गेंद के साथ भी उन्होंने 8.87 की इकॉनमी रेट से 60 विकेट भी लिए हैं। पोलार्ड एक बेहतरीन फील्डर भी हैं।

#) हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या

भारतीय टीम के दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अपना आईपीएल डेब्यू 2015 में मुंबई इंडियंस के लिए ही किया था और अभी तक वो इसी टीम का हिस्सा हैं। हार्दिक पांड्या ने अभी तक अपने करियर में 80 मुकाबलों में 29.97 की औसत और 159.26 की स्ट्राइक रेट से 1349 रन बनाए हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर 91 रन है।

हार्दिक पांड्या ने इस बीच 3 अर्धशतक भी लगाए हैं। गेंद के साथ हार्दिक पांड्या ने 9.06 की इकॉनमी रेट से 42 विकेट चटकाए हैं। एक अच्छे ऑलराउंडर के साथ वो एक बेहतरीन फील्डर भी हैं। वो 2015,2017, 2019 और 2020 में मुंबई की खिताबी जीत का हिस्सा रहे हैं।

#) हरभजन सिंह

 हरभजन सिंह
हरभजन सिंह

मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हरभजन सिंह 2017 तक टीम का हिस्सा रहे और साथ ही में 3 बार आईपीएल का खिताब भी मुंबई का हिस्सा रहते हुए जीता। हरभजन सिंह ने 136 मुकाबलों में 26.55 की औसत और 6.96 की इकॉनमी रेट से 147 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18 रन देकर 5 विकेट लेना रहा है।

गेंद के अलावा हरभजन सिंह ने बल्ले के साथ 142.42 के अच्छे स्ट्राइक रेट के साथ 799 रन बनाए और इसमें एक अर्धशतक भी शामिल हैं। हरभजन सिंह इस समय चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा हैं।

#) मिचेल मैक्लेनाघन

मिचेल मैक्लेनाघन
मिचेल मैक्लेनाघन

मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल मिचेल मैक्लेनाघन का प्रदर्शन टीम के लिए काफी अच्छा रहा है। उन्होंने अभी तक खेले 56 मुकाबलों में 25.39 की औसत और 8.49 की इकॉनमी रेट से 71 विकेट चटकाए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21 रन देकर 4 विकेट लेना रहा है।

#) जसप्रीत बुमराह

जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह

मोजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक जसप्रीत बुमराह 2013 से मुंबई इंडियंस का हिस्सा है और 5 बार टीम के साथ रहते हुए खिताबी जीत दर्ज कर चुके हैं। बुमराह मैच की किसी भी स्थिती में गेंदबाजी करते हुए विकेट चटका सकते हैं। अपने आईपीएल करियर में बुमराह ने 92 मैच खेले हैं, जिसमें 23.71 की औसत और 7.41 के इकॉनमी रेट से 109 विकेट चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 14 रन देकर 4 विकेट लेना रहा है।

#) लसिथ मलिंगा

लसिथ मलिंगा
लसिथ मलिंगा

आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक लसिथ मलिंगा शुरुआत से ही मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे हैं। 2009 से अभी तक उन्होंने 122 मुकाबलों में 19.80 की औसत और 7.14 की इकॉनमी रेट से 170 विकेट चटकाए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 13 रन देकर 5 विकेट लेना रहा है। 2019 में मलिंगा ने ही मुंबई को आखिरी गेंद पर गेंद से खिताबी जीत दिलाई थी।

Quick Links

Edited by मयंक मेहता