मुथैया मुरलीधरन ने शेन वॉर्न के निधन के बाद दी बड़ी प्रतिक्रिया

मुरलीधरन ने उनकी स्पिन गेंदबाजी को लेकर बयान दिया है
मुरलीधरन ने उनकी स्पिन गेंदबाजी को लेकर बयान दिया है

महानतम लेग स्पिनर शेन वॉर्न (Shane Warne) के निधन के बाद हर कोई हैरान है। हालांकि उनको श्रद्धांजलि भी काफी लोगों ने दी है। इस बीच शेन वॉर्न के प्रतिस्पर्धी रहे मुथैया मुरलीधरन (Muttiah Muralitharan) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मुरलीधरन ने कहा है कि शेन वॉर्न ने स्पिन गेंदबाजी की बेहतरी के लिए किसी से भी ज्यादा काम किया है।

इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए मुरलीधरन ने कहा कि यह चौंकाने वाला है। मैं नहीं जानता कि मैं क्या कहूं। वह एक अच्छे दोस्त और एक महान क्रिकेटर भी रहे हैं। उन्होंने स्पिन गेंदबाजी के लिए जो किया है वह किसी से भी ज्यादा है। उन्हें इतिहास के महानायकों में से एक के रूप में याद किया जाएगा। यह जाने की उम्र नहीं है। जब भी मैंने उनको देखा, वह फिट थे। यह पूरी क्रिकेट बिरादरी के लिए दुखद है। यह क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी बड़ी क्षति है।

मुरली ने आगे कहा कि मैंने वॉर्न को 1992 में पहली बार देखा था तब उन्होंने मुश्किल समय में ऑस्ट्रेलिया को मैच जिताया था। वहां से मैंने सोचा कि वह एक अलग गेंदबाज बनने जा रहे हैं।

गौरतलब है कि शेन वॉर्न टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में दूसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे सिर्फ मुथैया मुरलीधरन का नाम आता है। वॉर्न ने अपनी लेग स्पिन गेंदबाजी से दुनिया भर के बल्लेबाजों को ख़ासा परेशान किया था। शेन वॉर्न का शुक्रवार को 52 साल की उम्र में संदिग्ध रूप से दिल का दौरा पड़ने पर निधन हो गया। प्रसिद्ध लेग स्पिनर थाईलैंड के एक विला में थे, डॉक्टरों ने उन्हें ठीक करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। वॉर्न का असामयिक निधन क्रिकेट बिरादरी के लिए एक मुश्किल खबर रही। कई लोगों ने यही कहा कि हम इस खबर पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं।

Quick Links

Edited by Naveen Sharma