IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ कैसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन?

कोलकाता के खिलाफ शानदार रहा है रोहित का रिकॉर्ड (Photo Credit: IPL)
कोलकाता के खिलाफ शानदार रहा है रोहित का रिकॉर्ड (Photo Credit: IPL)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में अपने पहले दो मुकाबले लगातार हार चुकी मुंबई इंडियंस (MI) आज रात में एक बार फिर मैदान में उतरेगी। इस बार मुंबई का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होने वाला है। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अब तक अपने नाम के अनुसार प्रदर्शन नहीं किया है।

सीजन के पहले मैच में रोहित के बल्ले से रन निकले थे, लेकिन दूसरे मुकाबले में वह रन नहीं बना पाए। कोलकाता के खिलाफ रोहित का रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है और मुंबई के फैंस उम्मीद करेंगे कि रोहित इस रिकॉर्ड को मेंटेन रखेंगे। कोलकाता के खिलाफ रोहित सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। आइए जानते हैं अब तक कोलकाता के खिलाफ कैसा रहा है रोहित का प्रदर्शन।

रोहित ने कोलकाता के खिलाफ खेले 29 मैचों में 46.13 की औसत के साथ 1015 रन बनाए हैं। वह इस टीम के खिलाफ 1,000 या उससे अधिक रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। रोहित ने कोलकाता के खिलाफ एक शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं। इस टीम के खिलाफ उनकी स्ट्राइक-रेट 132.16 की रही है।

कोलकाता के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ रोहित का प्रदर्शन

पैट कमिंस पिछले हफ्ते ही भारत पहुंच गए थे और वह कोलकाता के साथ ट्रेनिंग भी शुरू कर चुके हैं। कमिंस इस मुकाबले में उतरने के लिए उपलब्ध हैं, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल कर करने के लिए कोलकाता को कुछ बड़े फैसले लेने होंगे। यदि कमिंस टीम में आते हैं तो रोहित के साथ उनका अच्छा मुकाबला देखने को मिलेगा। रोहित ने अब तक कमिंस के खिलाफ 21 गेंदों में 25 रन बनाए हैं और एक बार उनका शिकार बने हैं।

रोहित शर्मा के लिए सुनील नरेन सबसे बड़ा खतरा होंगे। नरेन ने इस सीजन लगातार किफायती गेंदबाजी की है। रोहित और नरेन का अब तक कई बार आमना-सामना हो चुका है। रोहित ने नरेन के खिलाफ 127 गेंदों में 137 रन बनाए हैं, लेकिन इस दौरान कैरेबियन ऑलराउंडर ने 7 बार उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखाया है।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar