आज ही के दिन रोहित शर्मा ने रचा था इतिहास, कोलकाता में खेली थी 264 रनों की मैराथन पारी

रोहित शर्मा
रोहित शर्मा

13 नवंबर 2014, ये वो दिन है जो क्रिकेट इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। आज ही के दिन 5 साल पहल भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने वो कारनामा कर दिखाया था, जिसे देखकर पूरी दुनिया हैरान रह गई थी। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता के इडेन गार्डेन मैदान में 264 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। रोहित शर्मा ने उस मैच में 173 गेंद पर 33 चौके और 9 छक्के की मदद से 264 रन बनाए थे। अंतर्राष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज का एक पारी में ये सर्वाधिक स्कोर है।

इस मैच में जब रोहित शर्मा सिर्फ 4 रन पर थे, तभी उनका कैच छूट गया था। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और इतिहास रच दिया। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 404 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और जवाब में श्रीलंका की टीम 251 रन ही बना पाई। इस मैच में कप्तान विराट कोहली ने भी 64 गेंद पर 66 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में भारत के लिए धवल कुलकर्णी ने 4 विकेट चटकाए थे। भारतीय टीम ने इस मैच में 153 रनों से जीत हासिल की थी। भारत ने आखिरी 9.4 ओवर में 128 रन बनाए थे और रोहित शर्मा पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए थे।

ये भी पढ़ें: वनडे मैचों में दोहरा शतक लगाने वाले सभी बल्लेबाजों की लिस्ट

रोहित शर्मा अभी तक वनडे में 3 दोहरे शतक जड़ चुके हैं। पहली बार उन्होंने 2 नवंबर 2013 को बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था। उस मैच में रोहित ने 158 गेंद पर 12 चौके और 16 छक्के की मदद से 209 रन बनाए थे। उन्होंने आखिरी बार श्रीलंका के खिलाफ 2017 में दोहरा शतक जड़ा। उस मैच में उन्होंने 153 गेंद पर 13 चौके और 12 छक्के की मदद से नाबाद 208 रन बनाए।

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज स्पोर्ट्सकीड़ा पर पाएं।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता