जिम्बाब्वे ने चौंकाते हुए श्रीलंका को दूसरे वनडे में हराया

जिम्बाब्वे ने यह एक बड़ा उलटफेर किया है
जिम्बाब्वे ने यह एक बड़ा उलटफेर किया है

जिम्बाब्वे (Zimbabwe) ने श्रीलंका (Sri Lanka) के खिलाफ दूसरे वनडे में हैरान करने वाला प्रदर्शन करते हुए 22 रन से जीत दर्ज की। पहले खेलते हुए जिम्बाब्वे ने 8 विकेट पर 302 रन बनाए। जवाब में खेलते हुए श्रीलंकाई टीम 9 विकेट पर 280 रन के स्कोर तक ही पहुँच पाई। इस तरह जिम्बाब्वे ने चौंकाते हुए सीरीज में भी 1-1 की बराबरी कर ली।

जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और यह सही साबित हुआ। जिम्बाब्वे के ओपनर कैटानो और चकाबवा ने पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़े। कैटानो 26 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद चकाबवा भी 47 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। धाकड़ शुरुआत का फायदा क्रैग इरविन और सीन विलियम्स ने उठाया और तीसरे विकेट के लिए शतकीय भागीदारी निभाई। विलियम्स 48 रन बनाकर आउट हुए लेकिन इरविन अर्धशतक जमाने के बाद क्रीज पर बने रहे। वह 91 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। उनके बाद सिकंदर रजा ने एक छोर संभालकर तेज बल्लेबाजी की और 46 गेंद में 56 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 300 के पार पहुँचाने में मदद की। इस तरह जिम्बाब्वे ने 8 विकेट पर 302 रन बनाए। श्रीलंका के लिए वैनडर्से ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किये।

जवाब में खेलते हुए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। कुसल मेंडिस महज 7 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद पथुम निसंका भी 16 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। दिनेश चाँडीमल महज 2 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। इस तरह टीम का स्कोर 3 विकेट पर 31 रन हो गया। यहाँ भी सिलसिला नहीं रुका और चरित असालंका 23 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। इसके बाद दसुन शनाका और कामिंदु मेंडिस ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए शतकीय भागीदारी निभाई। मेंडिस 57 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन शनाका अपनी फिफ्टी के बाद टिके रहे। इस समय टीम की जीत के आसार थे लेकिन शनाका के शतक पूरा करने के बाद 102 के निजी स्कोर पर आउट होने पर पासा पलट गया। चामिका करुणारत्ने ने प्रयास करते हुए 34 रन बनाए लेकिन ये नाकाफी थे। श्रीलंका की टीम 9 विकेट पर 280 रन के स्कोर तक पहुँच पाई और जिम्बाब्वे ने चौंकाते हुए 22 रन से जीत दर्ज की। जिम्बाब्वे के लिए चतारा और मुजराबानी ने 3-3 विकेट हासिल किये।

संक्षिप्त स्कोर

जिम्बाब्वे: 302/8

श्रीलंका: 280/9

Quick Links