शेन वॉर्न के मुताबिक अगर सेक्स्टिंग स्कैंडल का खुलासा ना होता तब भी टिम पेन की कप्तानी छीनी जा सकती थी

Nitesh
Sheffield Shield - TAS v NSW: Day 2
Sheffield Shield - TAS v NSW: Day 2

पूर्व दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न (Shane Warne) ने टिम पेन (Tim Paine) के ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़े जाने को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि टिम पेन ने सेक्स्टिंग स्कैंडल का खुलासा होने के बाद कप्तानी से इस्तीफा दे दिया। हालांकि अगर ये खुलासा ना होता तब भी उनकी कप्तानी पर सवालिया निशान थे।

शेन वॉर्न के मुताबिक टिम पेन का परफॉर्मेंस कप्तान के तौर पर अच्छा नहीं था और ना ही सातवें नंबर पर एक बल्लेबाज के तौर पर भी वो प्रभावित कर पाए थे। यही वजह थी कि उनकी कप्तानी और टीम में उनकी जगह पर सवालिया निशान थे।

टिम पेन की कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों काफी खराब रही है - शेन वॉर्न

हेराल्स सन के लिए लिखे अपने कॉलम में शेन वॉर्न ने कहा कि भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान टिम पेन की कप्तानी और बल्ले के साथ उनका प्रदर्शन दोनों ही खराब थे। यही वजह है कि उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा था।

वॉर्न ने कहा "जब आप सातवें नंबर पर उनकी पोजिशन को देखते हैं और इस नंबर पर खेलने वाले अन्य खिलाड़ियों से उनकी तुलना करते हैं तो फर्क साफ पता चलता है। इसके बाद ये सवाल उठता है कि क्या टिम पेन टेस्ट टीम के लिए बेस्ट ऑप्शन थे। भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान उनकी कप्तानी काफी खराब रही थी। ऐसा लग रहा था कि उनका समय अब पूरा हो चुका है। कई सारे लोग ऐसा सोच रहे थे जिसमें मैं भी शामिल था।"

आपको बता दें कि टिम पेन ने ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। टिम पेन ने 2017 में एक लड़की को अश्लील मैसेज किए थे और अश्लील तस्वीरें भी भेजी थीं। अब ये स्कैंडल सार्वजनिक होने के बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है।

Quick Links

Edited by Nitesh