आईपीएल इतिहास में 3 सबसे तेज शतक, कई दिग्गज प्लेयर शामिल

डेविड मिलर के नाम भी ये रिकॉर्ड दर्ज है
डेविड मिलर के नाम भी ये रिकॉर्ड दर्ज है

फॉर्मेट चाहे कोई भी हो शतक की अहमियत कुछ और ही होती है। हर खिलाड़ी हर फॉर्मेट में शतक बनाना चाहता है। हालांकि वनडे और टेस्ट मैचों में खिलाड़ियों को शतक बनाने का टाइम मिल जाता है लेकिन टी-20 क्रिकेट में अगर किसी प्लेयर को शतक लगाना है तो उसे काफी तेज क्रिकेट खेलना होगा। टी-20 में 120 गेंदों में पूरी टीम को बल्लेबाजी करनी होती है ऐसे में बल्लेबाज के पास बहुत कम समय बचता है।

हम आपको इस आर्टिकल में आईपीएल इतिहास के 3 सबसे तेज शतकों के बारे में बताएंगे। आइए जानते हैं किन-किन खिलाड़ियों के नाम इस लिस्ट में हैं।

आईपीएल के इतिहास में 3 सबसे तेज शतक

3. डेविड मिलर- 2013 के आईपीएल सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 38 गेंदों पर शतक

England v South Africa - ICC Men's T20 World Cup 2021
England v South Africa - ICC Men's T20 World Cup 2021

'किलर मिलर' डेविड मिलर को ये नाम यूं नहीं दिया गया। वो जब अपने रंग में होते हैं तो उन्हें रोकना काफी मुश्किल हो जाता है। 2013 के सीजन में मिलर गजब की फॉर्म में थे तो उन्होंने पूरे सीजन में लगभग 60 की औसत से रन बनाए। आरसीबी के खिलाफ उन्होंने तूफानी शतक जड़ा। आरसीबी ने किंग्स इलेवन पंजाब को 191 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। जवाब में 51 रनों तक किंग्स इलेवन के 3 विकेट गिर चुके थे।

इस कठिन समय में मिलर बल्लेबाजी के लिए उतरे। एक छोर पर विकेट गिरते रहे लेकिन मिलर की आक्रामक बल्लेबाजी जारी रही। खासकर 10वें ओवर के बाद उन्होंने ज्यादा आक्रामक बल्लेबाजी शुरु कर दी। 41 रनों के स्कोर पर कोहली ने उनका कैच भी टपका दिया। इसके बाद मिलर और खतरनाक हो गए। 15वें ओवर में आरपी सिंह की गेंदों पर उन्होंने जमकर रन बटोरे। उन्होंने उस ओवर में 25 रन बटोरे। 18वें ओवर में छक्का लगाकर उन्होंने अपनी टीम को शानदार जीत दिला दी। उन्होंने सिर्फ 38 गेंद पर ताबड़तोड़ शतक लगाया।

2. यूसुफ पठान- 2010 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 37 गेंदों पर 100 रन

pathannnn

यूसुफ पठान जब फॉर्म में होते थे तो उन्हें रोकना किसी भी गेंदबाज के लिए काफी मुश्किल होता थे। 2010 में वो भारतीय टीम का अहम हिस्सा थे। वहीं आईपीएल में भी उन्होंने विस्फोटक अंदाज में रन बटोरे। 2010 के सीजन में उन्होंने अपना सबसे तेज शतक लगाया, लेकिन दुर्भाग्यवश उनकी टीम हार गई।

पठान ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ उस मैच में शुरुआत तो धीमी की लेकिन मैच बढ़ने के साथ ही उनकी रन बनाने की गति बढ़ती गई। इसमें उनका साथ काफी हद तक मुंबई इंडियंस के फील्डरों ने भी दिया। पठान ने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों के खिलाफ जमकर रन बटोरे।

इससे पहले सौरभ तिवारी और अंबाती रायडू की बेहतरीन पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 20 ओवरो में 213 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टॉप बल्लेबाज जल्द ही पवेलियन लौट गए। पारस डोगरा के साथ मिलकर पठान ने पारी को आगे बढ़ाया और 37 गेंदों पर शतक जड़ डाला। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वॉर्न ने पठान की इस पारी को सबसे बेहतरीन पारी बताया था।

1. क्रिस गेल- 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 30 गेंदों पर शतक

क्रिस गेल के नाम इस मामले में रिकॉर्ड है
क्रिस गेल के नाम इस मामले में रिकॉर्ड है

पुणे वॉरियर्स के खिलाफ उस मैच में क्रिस गेल ने आईपीएल का सबसे तेज शतक लगाया था। ईश्वर पांडे के ओवर से गेल ने तूफानी शुरुआत की। गेल को काबू में करने के लिए कप्तान आरोन फिंच ने स्पिनरों को लगाया लेकिन गेल के ऊपर कोई फर्क नहीं पड़ा। जब फिंच की तरकश के सारे तीर विफल हो गए तब उन्होंने खुद गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन गेल ने फिंच को और ज्यादा पीटा। उन्होंने फिंच के ओवर में 29 रन जड़ दिए।

अशोक डिंडा गेंदबाजी करने के लिए आए लेकिन गेल ने गेंद को दर्शक दीर्घा में भेज दिया। महज 9 ओवर के अंदर गेल ने शतक जड़ दिया। इसके लिए उन्होंने महज 30 गेंदे ली। 15 ओवर में गेल ने 150 रन बना दिए। गेल ने मैच में 175 रनों की मैराथन पारी खेली और आरसीबी को आसान जीत दिला दी।

Quick Links