वनडे में सबसे ज्यादा बार 400 रन बनाने वाली टॉप 3 टीमें

Group B, Bermuda v India - Cricket World Cup 2007
Group B, Bermuda v India - Cricket World Cup 2007

वनडे क्रिकेट की शुरूआत जब हुई थी, तब ज्यादा हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को नहीं मिलते थे। एक समय वनडे में 250 तक के स्कोर को विनिंग स्कोर माना जाता था और इसके अलावा बहुत कम मौके होते थे, जब कोई टीम 300 का आंकड़ा पार कर पाती थी। हालांकि टी20 क्रिकेट आने के बाद वनडे में खेलने का अंदाज भी बदला और बल्लेबाजों ने ज्यादा आक्रामकता दिखानी शुरू की। टीमों ने बड़ी आसानी से 300 रन बनाना शुरू कर दिया और फिर उसके बाद 400 रन भी बनने लगे।

अभी तक कई बार वनडे क्रिकेट में 400 से ज्यादा का स्कोर बन चुका है। दक्षिण अफ्रीका ने सबसे ज्यादा बार 400 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। वहीं भारतीय टीम ने भी 7 बार 400 का आंकड़ा पार किया है। वनडे क्रिकेट में पहली बार 400 रन ऑस्ट्रेलिया की टीम ने बनाया था। उन्होंने ये कारनामा 12 मार्च 2006 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग में किया था और उसी दिन दक्षिण अफ्रीका ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 400 रन बनाए थे। ये वही मैच है जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 434 रनों का स्कोर खड़ा किया था और दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 438 रन बनाकर उस लक्ष्य को हासिल कर लिया था।

तो आइए जानते हैं कि अभी तक वनडे क्रिकेट में किन-किन टीमों ने सबसे ज्यादा बार 400 का आंकड़ा प्राप्त किया है:

3.इंग्लैंड (5)

England Cricket Team
England Cricket Team

इंग्लैंड क्रिकेट टीम इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर है। इंग्लैंड ने अभी तक वनडे क्रिकेट में 5 बार 400 का आंकड़ा प्राप्त किया है। इंग्लैंड ने सबसे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 2015 में 400 रनों का आंकड़ा हासिल किया था। उसके बाद इंग्लिश टीम ने पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और नीदरलैंड्स के खिलाफ 400 रन बनाए।

नीदरलैंड्स के खिलाफ इंग्लैंड ने 498/4 का स्कोर बनाया, जो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय का सबसे बड़ा स्कोर है।

2.भारत (7)

Indian Cricket Team
Indian Cricket Team

भारत ने भी अभी तक 7 बार वनडे क्रिकेट में 400 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है। सबसे पहले भारतीय टीम ने 19 मार्च 2007 को पोर्ट ऑफ स्पेन में बरमूडा के खिलाफ 400 का स्कोर बनाया था। भारत ने वीरेंदर सहवाग के 114, सौरव गांगुली के 89 और युवराज सिंह के 83 रनों की मदद से 413/5 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में बरमूडा की टीम 156 रन ही बना सकी और भारतीय टीम ने 257 रनों से मुकाबला जीत लिया।

इसके बाद भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दो बार और दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज एवं बांग्लादेश के खिलाफ एक-एक बार 400 का स्कोर बनाया। वर्ल्ड कप 2023 में भारत ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 400 का आंकड़ा पार किया था।

1.दक्षिण अफ्रीका (8)

South Africa
South Africa

दक्षिण अफ्रीका की टीम के नाम भी वनडे में सबसे ज्यादा बार 400 रन बनाने का रिकॉर्ड है। दक्षिण अफ्रीका ने 8 बार वनडे में 400 से ज्यादा का आंकड़ा हासिल किया है। दक्षिण अफ्रीका ने 2006 में सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 400 रन बनाया था। उस समय प्रोटियाज टीम ने जो कारनामा किया था, उससे हर कोई हैरान था।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए 434 रनों का स्कोर बनाया था और दक्षिण अफ्रीका ने उस लक्ष्य को हासिल कर लिया था। तब ये लक्ष्य हासिल करना बिल्कुल असंभव था लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने ये कारनामा कर दिखाया था। दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ दो बार और आयरलैंड, जिम्बाब्वे एवं भारत के खिलाफ एक-एक बार 400 रन बनाए हैं। 2023 में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फिर से 400 का आंकड़ा पार किया था और 2023 वर्ल्ड कप में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 428 रन बनाये थे, जो वर्ल्ड कप में किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है।

नोट: दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड के अलावा ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, न्यूजीलैंड ने 2-2 बार एवं ज़िम्बाब्वे ने एक बार 400 का आंकड़ा पार किया है।

Quick Links