Hindi Cricket News: बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला क्रिकेट को किया जा सकता है शामिल 

Ankit
पारी की शुरुआत करने आती भारतीय सलामी जोड़ी
पारी की शुरुआत करने आती भारतीय सलामी जोड़ी

बर्मिंघम में साल 2022 में होने वाले आगामी राष्ट्रमंडल खेलों में अब महिला क्रिकेट को भी शामिल किया जा सकता है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन (CGF) के इस फैसले का स्वागत किया है।

आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘सीजीएफ सदस्यों द्वारा अभी इस पर मंजूरी दी जानी बाकी है। इसे फैसले के लिये ईसीबी और आईसीसी के प्रयास शामिल है जिन्होंने महिला क्रिकेट को राष्ट्रमंडल खेल कार्यक्रम का हिस्सा बनाने के लिये काफी मेहनत की।’’

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनु स्वाहने ने कहा "हम इस बात से काफी खुश हैं कि महिला क्रिकेट को 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल करने के लिए नामांकित किया गया है। मैं इसके लिए सीजीएफ का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। राष्ट्रमंडल खेल परिवार का हिस्सा बनना शानदार होगा।"

उन्होंने कहा 'हम महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए काफी प्रतिबद्ध हैं। बर्मिंघम-2022 का मंच महिला खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद होगा और युवा लड़कियों को खेल में आने के लिए प्रेरित करेगा।"

यह भी पढ़ें: ग्रीम स्वान ने चुनी अपनी ऑल-टाइम वर्ल्ड कप इलेवन, खुद को बनाया कप्तान

ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉम हैरिसन ने कहा "महिला क्रिकेट का बर्मिंघम-2022 राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किया जाना खेल के विकास के लिए ऐतिहासिक फैसला होगा। हम इसके लिए बर्मिंघम-2022 की टीम और सीजीएफ को यह मौका प्रदान करने के लिए शुक्रिया अदा करते हैं।"

गौरतलब हो कि अब तक सिर्फ एक बार साल 1998 राष्ट्रमंडल खेलों में क्रिकेट शामिल रहा है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका की टीम शीर्ष पर रही थी। निश्चित तौर पर इस फैसले से महिला क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा। कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन (CGF) की यह पहल सराहनीय है।

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज़ स्पोर्ट्सकीड़ा पर पाएं

Edited by मयंक मेहता