वर्ल्ड कप 2019: अम्बाती रायडू को भारतीय टीम में शामिल नहीं करने से वीवीएस लक्ष्मण निराश

Enter caption

विश्व कप के लिए बीते दिनों भारत के 15 संभावित खिलाड़ियों की सूची तय कर दी गई। इसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले अम्बाती रायडू को शामिल नहीं किया गया। यह बात पूर्व खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण को जरा भी अच्छी नहीं लगी। अब वीवीएस लक्ष्मण ने 33 वर्षीय अम्बाती रायडू की तुलना खुद से कर ली है। लक्ष्मण भी 2003 में विश्व कप टीम में जगह बनाने से चूक गए थे। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में फ्लॉप साबित हुए थे, जिसके बाद उनकी जगह पर दिनेश मोंगिया का चयन कर लिया गया था। अब ठीक उसी तरह 33 साल के रायडू को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों में अच्छा प्रदर्शन न करने पर टीम से हटा दिया गया था। साथ ही विश्व कप टीम में भी उन्हें शामिल नहीं किया गया। इस पर वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि अंबाती ने कुछ गलत नहीं किया है। उन्हें टीम में जगह मिलनी चाहिए थी। उन्हें टीम से बाहर करने से मैं निराश हूं।

वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि यह रायडू के लिए बहुत निराशानजक साबित हो रहा होगा। उन्होंने विश्व कप की टीम में शामिल होने के लिए हरसंभव कोशिश की थी। वेस्टइंडीज सीरीज के बाद से उन्हें नंबर चार पर बल्लेबाजी करने के लिए कहा गया था। उन्होंने उस स्थान पर सबकी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए अच्छा प्रदर्शन किया। वह सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। इस वजह से मुझे अचम्भा हुआ कि रन बनाने के बावजूद चयनकर्ताओं का ध्यान उन पर नहीं गया। यह बहुत दर्दनाक होता है।

खुद से अम्बाती रायडू की तुलना करते हुए वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि मैंने 2003 में इसका अनुभव किया था। फिर भी एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में मजबूती के साथ टीम में वापसी करना जरूरी होता है। मुझे उम्मीद है कि रायडू इसमें खरे उतरेंगे। विश्वकप के लिए अम्बाती रायडू को स्टैंडबाई खिलाड़ी के रूप में टीम में रखा गया है।

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज स्पोर्टसकीड़ा पर पाएं

Quick Links

Edited by निशांत द्रविड़