युवराज सिंह ने हरभजन सिंह के ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी, महेंद्र सिंह धोनी का भी जिक्र

युवराज सिंह - एमएस धोनी
युवराज सिंह - एमएस धोनी

युवराज सिंह ने भारतीय टीम के पूर्व कोच ग्रेग चैपल को लेकर एक अहम खुलासा किया है। युवराज सिंह ने हरभजन सिंह के एक ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। हरभजन सिंह ने दरअसल HT Sports के एक ट्वीट पर लिखा था कि वह धोनी को हवाई शॉट मारने से मना करते थे, क्योंकि उनका एक अलग ही गेम चल रहा था। इसी ट्वीट के जवाब में युवराज सिंह ने अपनी बात कही।

हरभजन सिंह के ट्वीट पर युवराज ने लिखा," एमएसडी और युवी, आखिरी 10 ओवर में छक्के नहीं लगाने, मैदानी शॉट्स खेलो।" जवाब से पहले युवराज ने हंसने वाला इमोजी भी बनाया था। हरभजन सिंह ने अपने ट्वीट में #worstdaysofindiancricketundergreg भी टैग किया हुआ था।

यह भी पढ़ें - युवराज सिंह का किंग्स XI पंजाब को लेकर चौंकाने वाला खुलासा

युवराज सिंह के अलावा और भी कई क्रिकेटरों के निशाने पर रहे हैं ग्रेग चैपल

गौरतलब है कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और ग्रेग चैपल के बीच की भिड़ंत आज भी चर्चा का विषय रहती है, लेकिन पिछले कुछ सालों में और भी कई भारतीय क्रिकेटरों ने ग्रेग चैपल को लेकर अपनी आलोचनात्मक प्रतिक्रिया दी। ग्रेग चैपल ने हालिया इंटरव्यू में महेंद्र सिंह धोनी के भारतीय टीम में शुरूआती दिनों के बारे में चर्चा की थी।

ग्रेग चैपल
ग्रेग चैपल

ग्रेग चैपल ने बताया कि उन्होंने युवा धोनी को मैदानी शॉट्स खेलने की सलाह दी थी और हर गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने का प्रयास करने से बचने को कहा था। इसी पर युवराज सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि ग्रेग चैपल ने उन्हें और धोनी को आखिरी 10 ओवरों में छक्के लगाने से मना किया था।

ग्रेग चैपल 2005 में भारतीय टीम के कोच बने थे और उनके आने के बाद सौरव गांगुली टीम से बाहर हो गए थे और राहुल द्रविड़ को नया कप्तान नियुक्त किया गया था। ग्रेग चैपल के ही समय में भारतीय टीम 2007 वनडे वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी और उसके बाद अप्रैल 2007 में चैपल ने अचानक ही भारतीय टीम के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था।