FIFA 17 के टॉप 10 खिलाड़ी

इस समय दुनिया के सबसे मशहूर फुटबॉलर 'क्रिस्टियानो रोनाल्डो' ने अर्जेंटीना के स्टार 'लियोनल मेसी' को FIFA 17 रैंकिंग में पीछे छोड़ दिया है। इस गेम में पुर्तगाली खिलाड़ी सबसे ज्यादा रेटिंग वाला प्लेयर बन गया है। हमेशा से मेसी एक या दो अंकों के अंतर से रोनाल्डो से आगे रहे हैं। मगर इस बार रोनाल्डो ने बाजी मार ली। माना जा रहा है कि इस बार की चैंपियंस लीग और पुर्तगाल द्वारा जीते गए UEFA (यूरो कप) की बदौलत रोनाल्डो को शीर्ष रेटिंग मिली ही। 94 अंकों के साथ रोनाल्डो शीर्ष पर हैं जबकि मेसी उनसे सिर्फ एक अंक ही पीछे हैं। उधर ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार भी गेम में 90 से ज्यादा की रेटिंग पर आ गए हैं। उन्हें 92 अंक मिले हैं। खैर गेम की बात जो भी हो, लेकिन इस बात से तो सभी इत्तेफाक रखते हैं कि इस वक्त फुटबॉल में रोनाल्डो का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। पुर्तगाल को यूरो जिताने वाले इस कप्तान की पूरे विश्व में प्रशंसा हो रही है। जानिए FIFA 17 की टॉप 10 फिलाड़ियों की सूची में कौन-से फुटबॉलर्स शामिल हैं। साथ ही पढ़िए इन खिलाड़ियों के खेल की खासियत : ये हैं FIFA 17 के वो दस टॉप खिलाड़ी : 1.क्रिस्टियानो रोनाल्डो – FIFA 17 की लिस्ट में टॉप पर रखे गए रोनाल्डो को गति के मामले में 100 में से 92 अंक दिए गए हैं, वहीं बॉल को गोल की तरफ किक करने की क्षमता के लिए भी 92 अंक मिले हैं। ड्रिब्लिंग यानी बॉल को साथ लेकर दौड़ने की क्षमता में रोनाल्डो के 91 अंक हैं। वहीं अगर फिजिकल फिटनेस की बात करें तो रोनाल्डो उसमें 80 अंक पर कायम हैं। 2. लियोनल मेसी – इस समय विश्व के सबसे शानदार फुटबॉल प्लेयर माने जाने वाले मेसी, FIFA 17 गेम में दूसरे नंबर पर हैं। हालांकि ड्रिब्लिंग के मामले में वो शीर्ष पर हैं। उन्हें ड्रिब्लिंग के लिए 100 में से 96 अंक दिए गए हैं। 3. नेमार - ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार किसी भी गेम को तुरंत पलटने के लिए मशहूर हैं। FIFA 17 में उनकी ड्रिब्लिंग 95 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। जबकि गेम की ओवरऑल रैंकिंग में वह तीसरे स्थान पर जगह बनाए हुए हैं। 4. लुईस सुआरेज़ – बार्सिलोना का ये खिलाड़ी FIFA 17 का सबसे दमदार स्ट्राइकर चुना गया है। शूटिंग स्किल्स के लिए इन्हें 90 अंक दिए गए। वहीं अपनी ड्रिब्लिंग के लिए 87 अंकों के साथ ये गेम में चौथे स्थान पर काबिज है। 5. मैनुएल नॉयर – जर्मन टीम के गोलकीपर ‘नॉयर’, यकीनन इस समय विश्व के सबसे शानदार गोलकीपर हैं। शायद इसी लिए FIFA 17 में उन्हें टॉप पांच में शामिल किया गया है। वो पांचवे स्थान पर हैं। उनकी गोलकीपिंग रेटिंग इस गेम में सबसे अच्छी है। बॉल को किक करने की क्षमता के लिए नॉयर को 95 अंक दिग गए हैं, जबकि उनकी फील्ड में पोजिशनिंग के लिए उनके पास सबसे ज्यादा, 91 प्वाइंट हैं। 6. गेराथ बेल – दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ी बेल इस सूची में छठे नंबर पर आते हैं। लेकिन अपने खेल की गति को लेकर उन्होंने सबको पछाड़ दिया हैं। गति के लिए उनको 94 अंक हासिल हैं। वहीं ड्रिब्लिंग के लिए 86 और बॉल को शूट करने के लिए 87 अंक बेल के पास हैं। 7. ज़्लाटन इब्राहिमोविक – ज़्लाटन 2016 के सबसे चर्चित खिलाड़ी तो हैं ही, साथ ही FIFA 17 में वो दूसरे सबसे बेहतरीन स्ट्राइकर हैं। शूटिंग के लिए उन्हें 90 अंक दिए गए हैं जबकि फिजिकल स्ट्रेंथ के लिए उन्हें 87 अंक मिले हैं। इस गेम के सबसे शानदार खिलाड़ियों में ज़्लाटन निश्चित तौर पर शामिल में। 8. जेरोम बोटेंग – बोटेंग जर्मन टीम के डिफेंस की रीढ़ की हड्डी कहे जाते हैं, और इसी लिए आठवें नंबर पर काबिज होकर वो FIFA 17 के शीर्ष के सेंटर बैक खिलाड़ी हैं। अपनी गजब की डिफेंडिंग के लिए उन्हें 90 अंक दिए गए हैं, जबकि शारीरिक क्षमता के लिए उन्हें 85 अंक मिले हैं। 9. रॉबर्ट लेवानडॉस्की – लेवानडॉस्की, ‘बायर्न म्यूनिख’ कल्ब के सबसे बेहतरीन फॉरवर्ड खिलाड़ियों में से एक हैं। FIFA 17 में उन्हें तीसरा सबसे अच्छा स्ट्राइकर बनाया गया है। शूटिंग में 87 अंकों के साथ, उन्हें अपनी ड्रिब्लिंग स्किल्स के लिए 85 अंक दिए गए हैं। लेवानडॉस्की इस खेल में सबसे खतरनाक स्ट्राइकर साबित हो सकते हैं। 10. डेविड डे गिया – दसवें नंबर पर हैं इस गेम के दूसरे सबसे अच्छे गोलकीपर ‘डे गिया’। ये स्पैनिश खिलाड़ी सबसे कमाल के रिफ्लेक्सिस वाले खिलाड़ियों में से एक हैं। इसी वजह से इस खिलाड़ी को फीफा में अपने रिफ्लेक्सिस के लिए 90 अंक दिए गए हैं।