इंग्लैंड के खिलाड़ी वेन रूनी ने अन्तर्राष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लिया

इंग्लैंड के लिए रिकॉर्ड गोल करने वाले वेन रूनी ने अन्तर्राष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। 31 वर्षीय रूनी ने इंग्लैंड की तरफ से 119 मैचों में शिरकत की और 53 गोल किये। पीटर शिल्टन के बाद ऐसा करने वाले वे दूसरे खिलाड़ी भी हैं। 2003 में डेब्यू करने वाले रूनी ने बॉबी चार्लटन के 49 गोल का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी सितम्बर 2015 में तोड़ दिया था। 2014 विश्वकप के बाद स्टीव गेरार्ड को की जगह रूनी को इंग्लैंड की टीम का स्थायी कप्तान नियुक्त किया गया था। नवम्बर 2016 में स्कॉटलैंड के खिलाफ उन्होंने इंग्लैंड के लिए अंतिम मैच खेला था। इंग्लैंड के 2016 यूरो कप में 16वें स्थान पर रहने के बाद से उन्होंने कोई गोल भी नहीं किया था।

रूनी ने कहा कि गैरेथ साउथगैट ने मुझे इंग्लैंड की टीम में वापस बुलाने के लिए इस सप्ताह कहा था और वास्तव में मैं उनकी तारीफ करना चाहूँगा। उन्होंने कहा कि मैंने पहले ही सोच लिया था और गैरेथ को भी बताया था कि मैंने अन्तर्राष्ट्रीय फुटबॉल से अब संन्यास लेने का निर्णय ले लिया है। मेरे लिए यह फैसला कठिन था और मैंने इस पर अपने परिवार के साथ चर्चा भी की। आगे उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के लिए खेलना मेरे लिए हमेशा विशेष रहा है। हर बार मुझे कप्तान या खिलाड़ी के तौर पर चयन करना सम्मान की बात रही। मेरी मदद करने वाले हर व्यक्ति का मैं शुक्रिया अदा करता हूँ लेकिन अब इससे बाहर जाने का समय आ चुका है।

रूनी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि इंग्लैंड के लिए खेलकर सपने पूरे हो सकते हैं और मेरे लिए ठीक वैसा ही हुआ। इसमें शामिल सभी लोगों का धन्यवाद।

Edited by Staff Editor