क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने रचा इतिहास, 700 गोल करने वाले बने दुनिया के छठे फुटबॉलर

क्रिस्टियानो रोनाल्डो
क्रिस्टियानो रोनाल्डो

सोमवार को खेले गए यूरो कप 2020 के क्वालिफायर मुकाबले में यूक्रेन ने पुर्तगाल को 2-1 से शिकस्त दी। यूक्रेन ने इस जीत के साथ ही यूरो कप 2020 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। ग्रुप बी में पुर्तगाल अभी भी अंक तालिका में दूसरे नंबर पर काबिज है। इसी मैच में स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर का 700वां गोल किया। इस मैच में रोनाल्डो पुर्तगाल के तरफ से गोल करने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे।

इस मैच में एक गोल कर के रोनाल्डो ने इतिहास रच दिया है। उनके अब कुल मिलाकर 700 गोल हो गए हैं और वह इस आंकड़े को छूने वाले दुनिया के छठे फुटबॉलर बन गए हैं। इससे पहले जोसेफ बाइकन, रोमारियो, पेले, फेरेंक पुस्कास और गर्ड म्यूलर जैसे दिग्गज फुटबॉलर ही अपने करियर में 700 से ज्यादा गोल कर पाए थे। चेक रिपब्लिक के पूर्व फुटबॉलर जोसेफ बाइकन 805 गोल के साथ इस लिस्ट में पहले स्थान पर हैं।

मैच के बाद जब रोनाल्डो से इस बारे में पूछा गया तो उन्होने कहा कि मैं रिकॉर्ड के बारे में नहीं सोचता, मैं बस आज में जीता हूं और अगले मैच के बारे में सोचता हूं। आगे उन्होंने कहा कि यह नंबर हासिल करना आसान नहीं था। मैं उन सभी का शुक्रिया करना चाहता हूं जिन्होंने मुझे सपोर्ट किया। यह दुखद है कि हम यह मैच हार गए।

जानकारी के आपको बता दें कि रोनाल्डो ने अपने 17 साल लंबे करियर में 95 गोल राष्ट्रीय टीम पुर्तगाल के लिए किए हैं। इसके अलावा अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय क्लबों के लिए उन्होंने 605 गोल दागे हैं। इसमें सबसे ज्यादा रियाल मैड्रिड के लिए 450 गोल, मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए 118, जुवेंट्स के लिए 32 और स्पोर्टिंग क्लब पुर्तगाल के लिए 5 गोल किए हैं। वर्तमान में वो जुवेंटस क्लब के लिए खेल रहे हैं।

Edited by सावन गुप्ता