यूरो कप क्वालिफायर: इंग्लैंड 10 साल में पहली बार हारा, रोनाल्डो ने करियर का 699वां गोल किया

क्रिस्टियानो रोनाल्डो 
क्रिस्टियानो रोनाल्डो 

यूरो कप 2020 के क्वालिफायर में शुक्रवार को इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा। उसे चेक रिपब्लिक ने 2-1 से हरा दिया। इंग्लैंड की टीम यूरो कप के क्वालिफायर में 10 साल बाद हारी। उसे पिछली हार अक्टूबर 2009 में यूक्रेन के खिलाफ 0-1 से मिली थी। इंग्लैंड के लिए मैच में एकमात्र गोल हैरी केन ने किया। केन ने पांचवें मिनट में पेनल्टी पर गोल किया।

इंग्लैंड की टीम ने मैच में आक्रामक शुरुआत करते हुए पांचवें मिनट में ही 1-0 की बढ़त ले ली। चेक गणराज्य के लुकस मासोपुस्त ने इंग्लैंड के रहीम स्टर्लिंग को मैदान में गिरा दिया। इसके बाद रेफरी ने इंग्लिश टीम के पेनल्टी दे दी। इस पर केन ने क्वालिफाइंग राउंड में अपना 7वां गोल दाग दिया। चेक के जाकुब ब्रेवेक ने 9वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। ये उनका पहला अंतरराष्ट्रीय गोल है। इसके बाद 85वें मिनट में जे. ओनड्रासेक ने गोल कर टीम को 2-1 से जीत दिला दी।

रोनाल्डो ने किया करियर का 699वां गोल-

दूसरे मैच में पुर्तगाल ने लक्जमबर्ग को 3-0 से हरा दिया। उसके लिए स्टार फुटबॉल क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक गोल किया। रोनाल्डो के करियर का ये 699वां गोल था| इस मैच के बाद रोनाल्डो ने ट्विटर पर अपनी तस्वीरें भी शेयर की|

पुर्तगाल ने लक्जमबर्ग को आसानी से हरा दिया। टीम के लिए पहला गोल 16वें मिनट में बर्नांडो सिल्वा ने किया। इसके बाद कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 65वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। टीम के लिए तीसरा और आखिरी गोल गोंजालो गुएडेस ने 89वें मिनट में किया। दूसरी ओर, वर्ल्ड चैम्पियन फ्रांस ने ओलिवर जिरूड के गोल की बदौलत आइसलैंड को 1-0 से हरा दिया।

आपको बता दें कि इंग्लैंड की टीम हार के बाद भी ग्रुप ए में अंकतालिका पर सबसे ऊपर काबिज है| तो वही पुर्तगाल की टीम ग्रुप बी में अंकतालिका में दूसरे नंबर पर मौजूद है|

Edited by निशांत द्रविड़