इंडियन सुपर लीग - गत चैंपियन मुंबई ने मोहन बगान को बुरी तरह दी मात

विक्रम सिंह के गोल का जश्न मनाती मुंबई सिटी एफसी।
विक्रम सिंह के गोल का जश्न मनाती मुंबई सिटी एफसी।

देश की सबसे बड़ी फुटबॉल लीग इंडियन सुपर लीग के शुरुआती मुकाबलों का दौर जारी है। सीजन के 14वें मैच में पिछले सीजन की विजेता मुंबई सिटी एफसी ने एटीके मोहन बगान को 5-1 के बड़े अंतर से हराते हुए प्वाइंट टेबल में टॉप पर आ गई है। वहीं अपने पिछले मुकाबले में ईस्ट बंगाल पर शानदार जीत दर्ज करने वाली मोहन बगान को बड़ा झटका लगा है।

मैच की शुरुआत से ही मुंबई ने बेहतरीन अटैक के साथ मोहन बगान को संभलने का मौका ही नहीं दिया। चौथे मिनट में ही मुंबई के बिपिन सिंह ने मोहन बगान के बॉक्स तक गेंद पहुंचाकर गोल की कोशिश की , लेकिन विक्रम सिंह ने इसे गोल में बदलकर मुंबई को पहली बढ़त दिलाई। 25वें मिनट में विक्रम सिंह ने शानदार प्रयास कर एक और गोल किया और टीम की बढ़त 2-0 कर दी। मुंबई की टीम ने अपना अटैक जारी रखा और 38वें मिनट में आइगर एंगुलो ने गोल कर मुंबई को 3-0 से आगे कर दिया। मोहन बगान के खिलाड़ी गेंद छीनने के लिए बेहद परेशान दिखे।

दूसरा हाफ शुरु होते ही एटीके मोहन बगान के दीपक तगड़ी को हाई-बूट के चलते रेड कार्ड दिखाया गया और मोहन बगान 11 की जगह 10 खिलाड़ियों पर आ गई। इस रेड कार्ड के चलते मुंबई को फ्री किक मिली अहमद जाओह के फ्री किक को मुरटादा फॉल ने गोल में बदला और मुंबई को 4-0 से आगे कर दिया। 52 वें मिनट में बिपिन सिंह ने आइगर एंगुलो की मदद से एक और गोल किया और अब मुंबई 5-0 से आगे थी और टीम की जीत पक्की लग रही थी। 60वें मिनट में आखिरकार मोहन बगान को डेविड विलियम्स के सहारे एक गोल मिला और स्कोर 5-1 से मुंबई के पक्ष में रहा और मुंबई ने मुकाबला अपने नाम किया। विक्रम सिंह को हीरो ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

इस जीत के साथ ही मुंबई 6 अंकों के साथ टेबल में टॉप पर है। मोहन बगान गोल डिफरेंस के आधार पर चौथे नंबर पर खिसक गई है। मोहन बगान के लिए ये तीन मैचों में मिली पहली हार है। ऐसे में टीम को अपनी स्ट्रैटेजी नए सिरे से तैयार करनी होगी। मुंबई का अगला मैच 4 दिसंबर को बेंगलुरु से होगा जबकि मोहन बगान 6 दिसंबर को जमशेदपुर से भिड़ेगी।

Quick Links