ISL 2017-18: बेंगलुरु एफसी ने मुंबई सिटी एफसी को 3-1 से हराया

Rahul

इंडियन सुपर लीग में आज मुंबई के फुटबॉल एरिना में घरेलू टीम मुंबई सिटी एफसी और बेंगलुरु एफसी के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले को मेहमान टीम बेंगलुरु एफसी ने मुंबई सिटी एफसी के खिलाफ आसानी के साथ 3-1 से जीत लिया। इस जीत के साथ बेंगलुरु एफसी ने इस सीजन की 7वीं जीत हासिल की है और अंक तालिका में पहले स्थान पर आ गई है, तो हार के बावजूद मुंबई की टीम 5वें स्थान पर बरकरार है। मैच के शुरुआत से ही दोनों टीमें एक दूसरे को कड़ी टक्कर देती हुई नजर आई लेकिन बेंगलुरु ने पहले हाफ के अंत में पेनेल्टी की मदद से पहला गोल किया। बेंगलुरु की तरफ से कप्तान सुनील छेत्री ने 43वें मिनट में पेनेल्टी के रूप में गोल किया और हाफ टाइम खत्म होने पर बेंगलुरु ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। पहले हाफ में 1-0 से पिछड़ने के बाद मुंबई सिटी एफसी ने मैच में वापसी करने के प्रयास किये लेकिन एक बार फिर से विपक्षी टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने 52वें मिनट में मैच का दूसरा गोल किया और बेंगलुरु को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद बेंगलुरु ने 63वें मिनट में मैच का तीसरा गोल मीकु की मदद से किया और मुंबई के खिलाफ मैच में 3-0 की विशाल बढ़त बना ली। मुंबई सिटी एफसी ने 76वें मिनट में वापसी की कोशिश की और मैच का अपना पहला गोल किया। यह गोल मुंबई की तरफ से लियो कोस्टा ने किया। दूसरे हाफ के खत्म होने के बाद मैच में 5 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया लेकिन जब तक मुकाबले को बेंगलुरु एफसी ने 3-1 से अपने नाम कर लिया था।

Edited by Staff Editor