इंडियन सुपर लीग - दूसरे मुकाबले में बेंगलुरु FC ने नॉर्थईस्ट यूनाईटेड को 4-2 से दी करारी मात

गेंद के लिए संघर्ष करते नॉर्थईस्ट यूनाईटेड एवं बेंगलुरु एफसी के खिलाड़ी।
गेंद के लिए संघर्ष करते नॉर्थईस्ट यूनाईटेड एवं बेंगलुरु एफसी के खिलाड़ी।

देश की सबसे बड़ी फुटबॉल लीग इंडियन सुपर लीग यानि ISL के आठवें सीजन के दूसरे मुकाबले में बेंगलुरु ने नॉर्थईस्ट यूनाईटेड को 4-2 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की। गोवा के बाम्बोलिम एथलेटिक स्टेडियम में हुए मैच में 2018-19 सीजन की विजेता बेंगलुरु के लिए क्लीटन, जयेश राणे और इबारा ने गोल दागे जबकि नॉर्थईस्ट यूनाईटेड की ओर से किया गया एक घातक Own गोल बेंगलुरु के लिए चौथा गोल बना। नॉर्थईस्ट के लिए पहले हाफ में ही दो गोल हुए।

मुकाबले का पहला हाफ बेहद मजेदार रहा। 14वें मिनट में बेंगलुरु की टीम के लिए क्लीटन सिल्वा ने उदांता सिंह के शानदार पास को गोल में तब्दील कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि तीन मिनट बाद नॉर्थईस्ट यूनाईटेड के लिए देशॉर्न ब्राउन ने गोल दाग कर मुकाबला 1-1 की बराबरी पर ला दिया। 22वें मिनट में नॉर्थईस्ट के लिए बुरी खबर आई जब गेंद को डिफेंड करने के चक्कर में मशहूर शरीफ ने अपने ही गोल पोस्ट में गोल दाग दिया और बेंगलुरु को इसके चलते 2-1 की बढ़त मिल गई। दो ही मिनट बाद नॉर्थईस्ट ने वापसी की और मेथियास कूरयूर ने गोल करते हुए मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया। पहला हाफ खत्म होने से ठीक तीन मिनट पहले क्लीटन सिल्वा के असिस्ट को अपना पहला ISL मैच खेल रहे जयेश राणा ने गोल में तब्दील कर बेंगलुरु की बढ़त 3-2 कर दी।

पहले हाफ में 5 गोल होने के बाद दूसरे हाफ में ज्यादा ऐक्शन देखने को नहीं मिला। नॉर्थईस्ट यूनाईटेड ने कोशिशें जरूर की लेकिन सफल न हो सकी। 81वें मिनट में बेंगलुरु के लिए प्रिंस इबारा ने गोल कर टीम की जीत को लगभग पक्का कर दिया। इसके बाद कोई गोल न हो सका और बेंगलुरु ने 4-2 से मैच जीत लिया। जीत के साथ ही बेंगलुरु ने 3 अंक अर्जित कर लिए। बेंगलुरु के उदांता सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

ISL का तीसरा मुकाबला रविवार को जमशेदपुर और ईस्ट बंगाल के बीच खेला जाएगा।

Quick Links

Edited by निशांत द्रविड़