इंडियन सुपर लीग : ओडिशा ने बेंगलुरु को हराकर सभी को चौंकाया

गोल का जश्न मनाती ओडिशा एफसी की टीम।
गोल का जश्न मनाती ओडिशा एफसी की टीम।

ओडिशा एफसी ने बेंगलुरु एफसी को 3-1 से हराकर इंडियन सुपर लीग के आठवें सीजन में अपनी शानदार शुरुआत की। 2018-19 सीजन की चैंपियन रही बेंगलुरु को हराते हुए ओडिशा ने 3 अंक भी अर्जित किए। वहीं इस हार के बाद बेंगलुरु समेत ISL के फैंस भी चौंक गए।

जेवियर हर्नान्डिज ओडिशा की जीत के हीरो रहे।
जेवियर हर्नान्डिज ओडिशा की जीत के हीरो रहे।

तिलक मैदान स्टेडियम में हुए मुकाबले में ओडिशा को शुरुआती बढ़त का फायदा मिला। बेंगलुरु की टीम कप्तान सुनील छेत्री की अगुवाई में मैदान में उतरी। दूसरे ही मिनट में ओडिशा की टीम को कॉर्नर मिल गया। बेंगलुरु की बैकलाइन डिफेंस की कमजोरी का जेवियर हर्नान्डिज ने पूरा फायदा उठाते हुए कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया। इसके बाद बेंगलुरु की टीम ने लगाातर अटैक करना शुरु किया। 21वें मिनट में बेंगलुरु के लिए शानदार मौका बनाते हुए रोशन नओरम के पास को ऐलेन कोस्टा ने गोल कर मैच 1-1 की बराबरी पर ला दिया।

सुनील छेत्री पेनेल्टी को गोल में तब्दील करने में नाकामयाब रहे।
सुनील छेत्री पेनेल्टी को गोल में तब्दील करने में नाकामयाब रहे।

दूसरे हाफ में 51वें मिनट में ओडिशा को बेंगलुरु की गोल पोस्ट के पास फ्री किक मिली। जेवियर हर्नान्डिज ने इस फ्री किक को शानदार तरीके से गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। बेंगलुरु के गोलकीपर गुरप्रीत संधू के पास कोई मौका नहीं था। ओडिशा ने अपनी बढ़त 2-1 की कर दी। इसके बाद बेंगलुरु के पास मैच बराबर करने का बेहद शानदार मौका था जब 62वें मिनट में सुनील छेत्री को पेनेल्टी मिली। लेकिन भारत के बेस्ट फॉर्वर्ड छेत्री पेनेल्टी को गोल में तब्दील नहीं कर सके। 90 मिनट पूरे होने के बाद इंजरी टाइम में ओडिशा के लिए आरिदाई सुआरेज ने आइसैक चाकचुक के पास को गोल में बदलकर टीम को 3-1 की निर्णायक बढ़त और जीत दिला दी।

इस जीत के साथ ही ओडिशा को 3 अंक मिले। जेवियर हर्नान्डिज को मैच में शानदार 2 गोल करने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। खास बात ये है कि मैच में बेंगलुरु की टीम ने करीब 60 फीसदी समय गेंद को अपने पोजेशन में रखा फिर भी वह जीत न सके। ओडिशा ने सटीक पास किए, और सही मौके बनाते हुए मैच अपने नाम किया। बेंगलुरु की टीम ने अपने पहले मैच में नॉर्थईस्ट यूनाईटेड को हराया था, जबकि आज मिली हार के बाद उनके कुल 3 अंक हैं।

ISL में आज नॉर्थईस्ट यूनाईटेड का सामना केरला ब्लास्टर्स से होगा। मुकाबला शाम 7.30 बजे से स्टार स्पोर्ट्स और हॉस्टार पर देख सकते हैं।

Quick Links

Edited by निशांत द्रविड़