इंडियन सुपर लीग : आखिरी मिनटों में गोल कर ईस्ट बंगाल के खिलाफ जमशेदपुर ने दर्ज की जीत, टॉप पर आई जमशेदपुर

मैच खत्म होने से 2 मिनट पहले हुए गोल की बदौलत जमशेदपुर ने जीत दर्ज की।
मैच खत्म होने से 2 मिनट पहले हुए गोल की बदौलत जमशेदपुर ने जीत दर्ज की।

इंडियन सुपर लीग में जमशेदपुर एफसी की टीम लास्ट मिनट विनर के तौर पर उभर रही है। जमशेदपुर ने ईस्ट बंगाल को आखिरी मिनटों में किए गए गोल की मदद से 1-0 से हराया। मैच का इकलौता गोल ईशान पंडिता ने 88वें मिनट में किया। इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी अंक तालिका में टॉप पर आ गई है। खास बात ये है कि अपने पिछले मैच में भी जमशेदपुर ने नॉर्थईस्ट यूनाईटेड को आखिरी मिनटों के गोल की मदद से हराया था और ये गोल भी पंडिता ने ही किया था।

युवा खिलाड़ी ईशान पंडिता ने 88वें मिनट में गोल कर मैच का परिणाम बदल दिया।
युवा खिलाड़ी ईशान पंडिता ने 88वें मिनट में गोल कर मैच का परिणाम बदल दिया।

मुकाबले की शुरुआत से ही ईस्ट बंगाल ने काफी अच्छा डिफेंसिव वर्क दिखाया। अंतरिम कोच रेनेडी सिंह ने प्लेयिंग इलेवन में सभी भारतीय खिलाड़ी रखे थे, जो लीग इतिहास में पहली बार देखने को मिला। पहले हाफ में जमशेदपुर की अटैक लाइन ईस्ट बंगाल के बचाव के आगे कुछ खास नहीं कर पाई। दूसरे हाफ में जमशेदपुर ने अपने अटैक को दुरुस्त किया। खेल के आखिरी क्वार्टर में जमशेदपुर के कोच ओवन कोयेल ने टीम का अटैक बढ़ाने के लिए ईशान पंडिता और ऐलेक्स लीमा को सबस्टिट्यूट के तौर पर भेजा। इसका फायदा भी टीम को हुआ जब 88वें मिनट में पंडिता ने ग्रेग स्टुअर्ट के कॉर्नर को गोल में बदल दिया।

यह गोल निर्णायक साबित हुआ। इस जीत के साथ ही जमशेदपुर के कुल 19 अंक हो गए हैं और केरला ब्लास्टर्स को पछाड़ते हुए टीम लीग के प्वाइंट टेबल में पहले स्थान पर आ गई है। वहीं ईस्ट बंगाल अब भी लीग में एक भी मुकाबला जीत नहीं पाई है और आखिरी स्थान पर है।

केरला ब्लास्टर्स के सामने ओडिशा

लीग में आज केरला ब्लास्टर्स का सामना ओडिशा एफसी से होगा। जमशेदपुर की जीत के बाद लीडर बोर्ड में दूसरे स्थान पर खिसकी केरल की टीम हर हाल में मैच जीतकर पहले नंबर पर आना चाहेगी। वहीं मोहन बगान के खिलाड़ियों के कोविड पॉजिटिव आने की वजह से ओडिशा का पिछला मुकाबला स्थगित हो गया था जबकि उससे पहले 3 जनवरी को ओडिशा ने गत विजेता मुंबई को 4-2 से बड़ी शिकस्त दी थी। ऐसे में ये मैच काफी दिलचस्प हो सकता है।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar